इंदौर जिला प्रशासन ने खजराना सिविल अस्पताल को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि भूमि हस्तांतरण नहीं होने से निर्माण शुरू नहीं हो सका। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि अस्पताल के लिए अब तक कोई दवा या उपकरण नहीं खरीदे गए हैं।
इंदौर: खजराना में प्रस्तावित 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल को लेकर सामने आई खबरों के बीच इंदौर जिला प्रशासन ने तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन के अनुसार अस्पताल निर्माण में देरी का मुख्य कारण स्वास्थ्य विभाग को भूमि का वास्तविक हस्तांतरण नहीं होना है। साथ ही, अस्पताल के नाम पर किसी प्रकार की दवा या चिकित्सा उपकरणों की खरीद नहीं की गई है।
भूमि हस्तांतरण नहीं होने से अटका अस्पताल निर्माण
![]()
इंदौर के खजराना क्षेत्र में प्रस्तावित 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का निर्माण फिलहाल भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण शुरू नहीं हो सका है। जिला प्रशासन के अनुसार, अस्पताल के लिए ग्राम खजराना स्थित सर्वे क्रमांक 435/1/1 की लगभग 0.700 हेक्टेयर भूमि स्वास्थ्य विभाग को आवंटित की गई थी, लेकिन उसका वास्तविक कब्जा अब तक विभाग को नहीं मिल पाया है। वर्तमान में इस भूमि का उपयोग नगर निगम इंदौर द्वारा किया जा रहा है, जिसके कारण भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।
भूमि मिलने के बाद शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
जिला प्रशासन ने बताया कि हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को भूमि खाली कराकर स्वास्थ्य विभाग को सौंपने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। भूमि हस्तांतरण पूरा होने के बाद ही भवन निर्माण के लिए आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल अस्पताल भवन निर्माण के लिए कोई प्रशासकीय स्वीकृति जारी नहीं हुई है।
नियुक्त कर्मचारी अन्य अस्पतालों में दे रहे सेवाएं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्ष 2021 में प्रस्तावित अस्पताल के लिए कुल 87 पद स्वीकृत किए गए थे। इनमें अब तक 29 स्टाफ नर्स, 5 फार्मासिस्ट और 1 लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति की जा चुकी है। चूंकि अस्पताल भवन अभी तैयार नहीं है, इसलिए इन कर्मचारियों को शहर की विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवाएं देने के लिए तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि सभी कर्मचारियों को नियमानुसार कार्य आवंटित किया गया है और उनके कार्य का सत्यापन संबंधित संस्थाओं द्वारा किया जा रहा है।
चिकित्सकों की नियुक्ति पर भी प्रशासन ने दी जानकारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित खजराना सिविल अस्पताल के लिए अभी तक किसी भी चिकित्सक की पदस्थापना के आदेश जारी नहीं किए गए हैं। इसलिए अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति या कार्यभार ग्रहण करने से जुड़ी खबरें सही नहीं हैं। प्रशासन के अनुसार, भवन तैयार होने और अस्पताल के संचालन की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ही आवश्यक चिकित्सकीय स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी।
दवा और उपकरण खरीदने की खबरों का किया खंडन
प्रशासन ने उन रिपोर्टों का भी खंडन किया है, जिनमें अस्पताल के लिए दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद का दावा किया गया था। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब तक इस परियोजना के लिए किसी प्रकार की दवा, चिकित्सा उपकरण या अन्य सामग्री की खरीद नहीं की गई है। इसके लिए शासन से कोई वित्तीय आवंटन भी प्राप्त नहीं हुआ है। जिला प्रशासन ने कहा है कि अस्पताल से जुड़े सभी कार्य शासन के नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही किए जाएंगे तथा आमजन से केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।










