खाटूश्यामजी फाल्गुनी मेले से पहले पुलिस ने सुरक्षा अभियान चलाया। होटलों, ढाबों और धर्मशालाओं पर रेड कर 13 आरोपियों को पकड़ा गया। अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई करेगी।
Sikar: बाबा खाटूश्यामजी का वार्षिक फाल्गुनी मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होगा। इस मेले में हर साल देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए सीकर पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में मंगलवार को खाटूश्यामजी कस्बे में पुलिस ने विशेष ऑपरेशन चलाया। इस दौरान होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट और धर्मशालाओं पर अचानक रेड की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
13 आरोपी गिरफ्तार
खाटूश्यामजी थाना प्रभारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि डीएसटी टीम के सब-इंस्पेक्टर कैलाश चंद यादव के नेतृत्व में डीएसटी, क्यूआरटी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। रेड के दौरान पुलिस ने 13 संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इसके साथ ही पुलिस ने 7 मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं, जिनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड पहले से है या नहीं।
अवैध गतिविधियों पर रहेगी सख्ती
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि फाल्गुनी मेले के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशाखोरी, चोरी, जेब काटना, चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मेले के दौरान लगातार ऐसे अभियान जारी रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी हाल में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
श्रद्धालुओं की संख्या 30 लाख से ज्यादा
खाटूश्यामजी फाल्गुनी मेले में हर साल करीब 30 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए आते हैं। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस ने विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है। चेन स्नेचिंग और जेब काटने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादा वर्दी में भी दर्जनों पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि इस बार मेला पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।











