कोडरमा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की आखिरी बोगी में लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

कोडरमा जंक्शन पर पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में आग लग गई। खाली कोच को अलग कर फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई, शॉर्ट सर्किट की आशंका है।

कोडरमा जंक्शन पर गुरुवार को कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में आग लग गई। धुआं देखकर यात्रियों ने रेलकर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद खाली कोच को अलग कर फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई।

कोडरमा: कोडरमा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गुरुवार को कोडरमा-हजारीबाग-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन संख्या 53373 शाम 3:15 बजे रवाना होने वाली थी। इससे पहले यात्रियों ने आखिरी कोच से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद रेलकर्मियों ने तत्काल बोगी को अलग कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।

धुआं देखकर यात्रियों ने दी रेलकर्मियों को सूचना

कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन के रवाना होने से कुछ समय पहले यात्रियों ने अंतिम बोगी से धुआं निकलते देखा। यात्रियों के मुताबिक, उन्हें पहले कुछ जलने की गंध महसूस हुई। बाहर देखने पर पीछे की बोगी से तेज धुआं निकलता नजर आया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत रेलकर्मियों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही रेलकर्मी सक्रिय हुए और आग लगी अंतिम बोगी को ट्रेन से काटकर अलग कर दिया। इसके बाद आरपीएफ कर्मियों की मौजूदगी में आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई।

सात फायर स्टिंगर और पानी से बुझाने का प्रयास

प्रारंभिक तौर पर सात फायर स्टिंगर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही रेल परिसर में लगे नल से पाइप के जरिए भी पानी डाला गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया।

आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि ट्रेन के रवाना होने से कुछ ही देर पहले अंतिम बोगी से धुआं निकलने की जानकारी मिली थी।

दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित था कोच

राहत की बात यह रही कि जिस बोगी में आग लगी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित थी और घटना के समय उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। ट्रेन की अन्य बोगियों में यात्री अपनी सीटों पर मौजूद थे।

समय रहते धुआं दिखाई देने और आग लगी बोगी को अलग कर दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों को सुरक्षित रखा गया और आग को फैलने से पहले नियंत्रित कर लिया गया।

प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका

रेल कर्मचारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

Leave a comment