कोरबा के SS प्लाजा में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें कई दुकानों को नुकसान हुआ। 14 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक क्षति की आशंका है।
Chhattisgarh: कोरबा शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित SS प्लाजा में सोमवार सुबह करीब 6 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में पूरे प्लाजा में काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। प्लाजा में स्थित कई दुकानों के शटर बंद थे, जिससे अंदर रखा सामान बाहर नहीं निकाला जा सका। शुरुआती जानकारी में पद्मिनी ज्वैलर्स, बालाजी स्टील सहित अन्य दुकानों को सबसे ज्यादा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
दमकल की 14 गाड़ियां तैनात
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए अलग-अलग स्थानों से कुल 14 दमकल वाहनों को बुलाया गया। इसके अलावा पानी की कमी न हो, इसके लिए टैंकरों की भी व्यवस्था की गई।
दमकलकर्मी लगातार पानी की तेज धार छोड़कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग की लपटें ऊंची होने और प्लाजा के अंदर ज्वलनशील सामग्री होने के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है। फायर ब्रिगेड की टीम आग को आसपास की दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए चारों ओर से घेराबंदी कर काम कर रही है।

नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
सामान बचाने की कोशिश
आग लगने की खबर फैलते ही SS प्लाजा और उसके आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानों में रखा सामान बचाने के लिए बाहर निकालने में जुट गए। कई व्यापारियों ने समय रहते अपने प्रतिष्ठानों से कीमती सामान बाहर निकाल लिया, जबकि कुछ दुकानों तक आग और धुएं के कारण पहुंचना संभव नहीं हो सका।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। लेकिन व्यापारियों का कहना है कि आर्थिक नुकसान काफी ज्यादा हो सकता है।
शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में शॉर्ट-सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि आग पर पूरी तरह काबू पाने और जांच पूरी होने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।









