कोरबा में घरेलू विवाद बना खूनी, बेटी ने पिता को हंसिए से वार कर की हत्या

कोरबा के हरदी बाजार क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद बेटी ने पिता पर हंसिए से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
कोरबा में घरेलू विवाद बना खूनी, बेटी ने पिता को हंसिए से वार कर की हत्या

जमीन के पैसे को लेकर परिवार गांव आया था। देर रात विवाद बढ़ने पर वारदात हुई। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक तनाव और आपसी आरोप-प्रत्यारोप घटना की संभावित वजह हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है।

Chhattisgarh: कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया की लिममुंडा बस्ती में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट की उनकी ही बड़ी बेटी गीता केवट (27) ने हंसिए से हमला कर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, परिवार जमीन के मुआवजे से जुड़े काम के सिलसिले में 9 फरवरी को गांव आया था। रात करीब 2 बजे किसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पिता ने बेटी को अपशब्द कहे, जिससे मामला और बढ़ गया। गुस्से में आकर बेटी ने घर में रखे हंसिए से पिता पर वार कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद बताई घटना

घटना के बाद गीता घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपने पिता को मार दिया है। परिजन जब घर के अंदर पहुंचे तो अशोक कुमार खून से लथपथ पड़े मिले। मृतक के भाई संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने घर में जाकर देखा, जहां अशोक का शव पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

कोरबा में घरेलू विवाद बना खूनी, बेटी ने पिता को हंसिए से वार कर की हत्या

पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी और तीनों बेटियां पिछले आठ वर्षों से कोरबा के आदिले चौक क्षेत्र में अलग रह रही थीं। बताया जा रहा है कि पारिवारिक तनाव लंबे समय से चला आ रहा था।

पारिवारिक विवाद 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के भीतर लंबे समय से मतभेद थे। मृतक पर शराब पीने और पत्नी व बेटियों के चरित्र पर संदेह करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय थी। कुछ समय पहले उसके एक वीडियो को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर संबंधित युवक ने साइबर सेल में शिकायत भी की थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।

पुलिस की कार्रवाई

हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घर से शव को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी बेटी को मौके से ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। 

पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।

Leave a comment