महिला वनडे विश्व कप जिताने में निर्णायक भूमिका निभाने वाली शेफाली वर्मा को हरियाणा खेल विभाग की ओर से 1.50 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिलेगा। खेल विभाग ने इस राशि के लिए मंजूरी दे दी है और जल्द ही यह राशि शेफाली के खाते में जमा कर दी जाएगी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट की उभरती स्टार शेफाली वर्मा (Shafali Verma) को हरियाणा सरकार और महिला आयोग की ओर से बड़ा सम्मान मिला है। महिला वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन और निर्णायक योगदान के लिए उन्हें 1.50 करोड़ रुपये का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। इसके साथ ही हरियाणा राज्य महिला आयोग ने शेफाली को 2026 के लिए ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया है।
इस पहल का उद्देश्य सिर्फ क्रिकेट में उनके योगदान का सम्मान करना ही नहीं है, बल्कि युवाओं को प्रेरित करना और नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए जागरूक करना भी है।
महिला वनडे विश्व कप में योगदान
शेफाली वर्मा ने महिला वनडे विश्व कप 2025 में हरियाणा और भारत दोनों के लिए अपनी तेज बल्लेबाजी और निर्णायक प्रदर्शन से टीम को सफलता दिलाई। उनकी आक्रामक और रणनीतिक बल्लेबाजी ने कई मैचों में भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित की। हरियाणा खेल विभाग ने उनकी उपलब्धियों को देखते हुए 1.50 करोड़ रुपये का इनाम मंजूर किया है। यह राशि जल्द ही शेफाली वर्मा के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने इस अवसर पर कहा, शेफाली वर्मा न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। हमारी बेटियां शिक्षा, खेल, प्रशासन और रक्षा जैसे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। शेफाली ने महिला वनडे विश्व कप जीतकर हरियाणा की खेल परंपरा में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। खेल मंत्री ने यह भी कहा कि बेटियों की उपलब्धियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं और ऐसे सम्मान उन्हें और अधिक प्रेरित करेंगे।

हरियाणा महिला आयोग ने बनाया ब्रांड एंबेसडर
शेफाली वर्मा की लोकप्रियता और प्रेरक व्यक्तित्व को देखते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उन्हें 2026 का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा, शेफाली वर्मा हमारे राज्य की सुपरस्टार हैं। हम चाहते हैं कि वे युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन दें और उन्हें नशे की लत से बचाने का संदेश दें। यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मिशन है कि युवा अपने भविष्य को जोखिम में न डालें।”
शेफाली का यह नया जिम्मेवारी न केवल उनके व्यक्तित्व को और निखारेगा, बल्कि हरियाणा और पूरे देश के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगा। शेफाली वर्मा ब्रांड एंबेसडर के रूप में न केवल खेल और फिटनेस को बढ़ावा देंगी, बल्कि युवाओं को सकारात्मक जीवन शैली और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगी। आयोग की योजना है कि वे विभिन्न कार्यक्रमों और सोशल कैंपेन के माध्यम से युवाओं तक यह संदेश पहुंचाएं।
हम चाहते हैं कि युवा अपनी ऊर्जा और समय को खेल, पढ़ाई और व्यक्तिगत विकास में लगाएं, न कि नशे की ओर जाएं। शेफाली वर्मा हमारे इस मिशन में सबसे बड़े सहयोगी बनेंगी।” – रेणु भाटिया












