करनाल में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी गंभीर

करनाल के जुण्डला में डंपर की टक्कर से बाइक सवार रणजीत सिंह की मौत, पत्नी गंभीर। आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस जांच में जुटी।

घटना इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई। डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक पांच बच्चों का पिता था।

Haryana: करनाल जिले के जुण्डला क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव बांसा निवासी रणजीत सिंह अपनी पत्नी मीना देवी के साथ बाइक पर सवार होकर करनाल के अमृत धारा अस्पताल जा रहे थे। वहां उनके जीजा सुनील कुमार भर्ती थे और दोनों उनका हालचाल पूछने जा रहे थे।

घटना के दौरान जुण्डला के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को भिड़ंत कर दी। जोरदार टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

भाई पीछे चल रहा था

मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी अलग मोटरसाइकिल पर पीछे-पीछे चल रहे थे। रणजीत अपनी पत्नी के साथ आगे थे और सभी सामान्य गति से अपनी लेन में चल रहे थे।

महेंद्र के अनुसार, करनाल की तरफ से आ रहा डंपर अचानक बिना किसी संकेत के दाहिनी ओर मुड़ गया और सीधी टक्कर बाइक से हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बचने का कोई मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

अस्पताल में पति को मृत घोषित किया गया

करनाल में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी गंभीर

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। राहगीरों की मदद से घायल दंपती को तुरंत निजी वाहन से कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, करनाल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद रणजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनके सिर, चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं मीना देवी को भी गंभीर चोटें लगीं। उनकी टांग, सीने और कमर में गहरी चोट होने के कारण हालत नाजुक बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।

पांच बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

रणजीत सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह पांच बच्चों के पिता थे। अचानक हुए इस हादसे ने बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि रणजीत मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति थे, जो परिवार की देखभाल करते थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही जुण्डला पुलिस चौकी के एसआई चरण सिंह टीम सहित अस्पताल पहुंचे। मृतक के भाई महेंद्र सिंह के बयान के आधार पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a comment