क्रॉस वोटिंग ने बदला खेल, ओडिशा राज्यसभा चुनाव में दिलीप रे की जीत

ओडिशा राज्यसभा चुनाव की चौथी सीट पर बड़ा उलटफेर। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे ने दूसरे पसंद के वोटों से जीत दर्ज की, क्रॉस वोटिंग ने बदला समीकरण।
क्रॉस वोटिंग ने बदला खेल, ओडिशा राज्यसभा चुनाव में दिलीप रे की जीत

ओडिशा राज्यसभा चुनाव की चौथी सीट पर बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे ने दूसरे पसंद के वोटों के सहारे जीत दर्ज की। क्रॉस वोटिंग और रणनीतिक वोटिंग ने चुनाव का परिणाम बदल दिया।

भुवनेश्वर: ओडिशा में राज्यसभा की चौथी सीट के चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। जहां संख्या बल के आधार पर विपक्षी उम्मीदवार को बढ़त मिलने की उम्मीद थी, वहीं भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे ने दूसरे पसंद के वोटों के सहारे जीत दर्ज कर ली। इस परिणाम ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है। चुनावी गणित के बीच क्रॉस वोटिंग और रणनीतिक वोटिंग (strategic voting) ने पूरे परिणाम को बदल दिया।

राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए इस चुनाव में भाजपा के दो उम्मीदवार और बीजेडी का एक उम्मीदवार पहले से मजबूत स्थिति में थे। लेकिन चौथी सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया। शुरुआती गणित विपक्ष के पक्ष में दिखाई दे रहा था, लेकिन मतगणना के दौरान दूसरे पसंद के वोटों ने पूरी तस्वीर बदल दी।

संख्या बल के आधार पर विपक्ष को माना जा रहा था मजबूत

ओडिशा विधानसभा में उस समय बीजेडी, कांग्रेस और सीपीआई(एम) के कुल 33 विधायक थे। इसी वजह से विपक्षी दलों का संयुक्त उम्मीदवार मजबूत स्थिति में माना जा रहा था। चुनावी गणित के अनुसार, राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 30 विधायकों के वोट की जरूरत थी।

इसी आधार पर माना जा रहा था कि चौथी सीट पर विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार दत्तेश्वर होता को बढ़त मिल सकती है। लेकिन मतदान के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग ने पूरे समीकरण को बदल दिया। जानकारी के अनुसार, करीब 11 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, जिसका सीधा असर चुनाव परिणाम पर पड़ा।

यही वजह रही कि शुरुआती अनुमान के बावजूद अंतिम परिणाम पूरी तरह अलग रहा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे विजयी हो गए।

प्रथम पसंद वोट में कई उम्मीदवारों को मिले बराबर मत

मतगणना के दौरान सामने आए आंकड़ों ने चुनाव को और भी रोचक बना दिया। भाजपा उम्मीदवार मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को 35-35 प्रथम पसंद वोट मिले। मत मूल्य के हिसाब से दोनों को 3500-3500 वोट वैल्यू प्राप्त हुई।

वहीं बीजेडी उम्मीदवार संतृप्त मिश्र को 31 प्रथम पसंद वोट मिले, जिनका मत मूल्य 3100 रहा। दूसरी ओर संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार दत्तेश्वर होता और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे को 23-23 प्रथम पसंद वोट मिले। दोनों का मत मूल्य 2300-2300 रहा।

क्रॉस वोटिंग ने बदला खेल, ओडिशा राज्यसभा चुनाव में दिलीप रे की जीत

किसी भी उम्मीदवार के पास जीत के लिए जरूरी मत मूल्य नहीं होने के कारण चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में दूसरे पसंद के वोटों की गिनती का फैसला लिया गया। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर सत्यव्रत राउत ने निर्देश जारी किया।

लॉटरी से तय हुआ पहले किसके वोट गिने जाएंगे

जब दूसरे पसंद के वोटों की गिनती शुरू की जानी थी, तब एक दिलचस्प स्थिति सामने आई। भाजपा के दोनों उम्मीदवार मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को समान प्रथम पसंद वोट मिले थे। ऐसे में यह तय करना जरूरी था कि पहले किस उम्मीदवार के दूसरे पसंद वोटों की गिनती की जाएगी।

इस स्थिति को सुलझाने के लिए लॉटरी का सहारा लिया गया। लॉटरी के जरिए यह तय हुआ कि पहले सुजीत कुमार के दूसरे पसंद के वोटों की गिनती की जाएगी।

जब सुजीत कुमार के वोटों की गिनती हुई तो उनमें से 13 वैध दूसरे पसंद के वोट दिलीप रे के खाते में चले गए। इससे दिलीप रे का मत मूल्य बढ़कर 2859 हो गया। हालांकि यह संख्या जीत के लिए जरूरी 2941 के आंकड़े से अभी भी कम थी।

दूसरे चरण की गिनती में दिलीप रे ने पार किया जीत का आंकड़ा

इसके बाद भाजपा उम्मीदवार मनमोहन सामल के दूसरे पसंद वोटों की गिनती शुरू हुई। इस चरण में भी दिलीप रे को 13 वैध दूसरे पसंद के वोट मिले। इन वोटों के जुड़ने के बाद दिलीप रे का कुल मत मूल्य बढ़कर 3418 पहुंच गया। इस तरह उन्होंने जीत के लिए जरूरी 2941 का आंकड़ा पार कर लिया और चौथी सीट पर अपनी जीत सुनिश्चित कर ली।

दिलीप रे के जीत का आंकड़ा पार करने के बाद बीजेडी उम्मीदवार संतृप्त मिश्र के दूसरे पसंद वोटों की गिनती की जरूरत ही नहीं पड़ी।

भाजपा की रणनीति ने दिलाई जीत

चुनाव के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, भाजपा ने इस चुनाव के लिए खास रणनीति तैयार की थी। पार्टी के कई विधायकों ने अपने उम्मीदवारों को प्रथम पसंद वोट दिया और सीमित संख्या में ही दूसरे पसंद वोट डाले।

बताया जा रहा है कि कुछ विधायकों ने अन्य उम्मीदवारों को चौथा या पांचवां पसंद दिया था। इस रणनीति का उद्देश्य यह था कि दूसरे पसंद वोटों की गिनती के समय भाजपा समर्थित उम्मीदवार को फायदा मिल सके।

Leave a comment