जी टीवी का पॉपुलर शो ‘तुम से तुम तक’ इन दिनों दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है। शो में अनु का मासूम और प्यारा किरदार निभा रहीं निहारिका चौकसे अपनी दमदार एक्टिंग से सभी को खूब इंप्रेस कर रही हैं।
Tum Se Tum Tak: जी टीवी का लोकप्रिय फिक्शन शो ‘तुम से तुम तक’ (Tum Se Tum Tak) इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में बना हुआ है। शो की कहानी, इमोशनल ग्राफ और मुख्य किरदारों की केमिस्ट्री को खूब पसंद किया जा रहा है। खास तौर पर अनु का मासूम और सशक्त किरदार निभा रहीं निहारिका चौकसे अपनी नेचुरल एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। अब शो से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
हाल ही में ‘तुम से तुम तक’ की पूरी टीम ने कश्मीर की खूबसूरत वादियों में एक खास शूटिंग शेड्यूल पूरा किया है। इस आउटडोर शूट को लेकर निहारिका चौकसे बेहद उत्साहित नजर आ रही हैं। उन्होंने शूटिंग के अनुभव के साथ-साथ आने वाले एपिसोड्स में दिखने वाले अनु-आर्य के बहुप्रतीक्षित प्रपोजल सीन को लेकर भी खुलकर बात की है।
कश्मीर शूट बना खास अनुभव
निहारिका चौकसे ने बताया कि कश्मीर में शूट करना उनके लिए हमेशा से एक यादगार अनुभव रहा है। उन्होंने कहा, हमारी कश्मीर ट्रिप बहुत अच्छी चल रही है। अभी हम यहां तीन दिन और हैं और यह शेड्यूल शो के लिए बेहद खास है। चारों तरफ बर्फ से ढके पहाड़, ठंडी हवा और शांत माहौल ने शूटिंग को और भी खूबसूरत बना दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि वह पांचवीं या छठी बार कश्मीर आई हैं, लेकिन हर बार यह जगह उन्हें नई-सी लगती है। कश्मीर मेरी फेवरेट जगहों में से एक है। सच में यह धरती पर जन्नत जैसा लगता है। यहां की नेचुरल ब्यूटी हमारे सीन्स में एक अलग ही जादू जोड़ देती है, निहारिका ने कहा।

आने वाला है शो का सबसे खास मोमेंट
शो के फैंस लंबे समय से अनु और आर्य के रिश्ते में नए मोड़ का इंतजार कर रहे थे। इस इंतजार को लेकर निहारिका ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को शो का सबसे ज्यादा इंतजार किया जाने वाला मोमेंट देखने को मिलेगा। निहारिका के मुताबिक, आने वाले एपिसोड्स में लोग देखेंगे कि अनु कैसे आर्य सर को एक मुश्किल स्थिति से बचाती है। इतने सारे इमोशंस और उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार आर्य सर अपनी फीलिंग्स जाहिर करते हैं और अनु को प्रपोज करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह सीन सिर्फ रोमांटिक ही नहीं, बल्कि बेहद इमोशनल भी होगा। यह अनु और आर्य की जर्नी का बहुत अहम और खूबसूरत मोड़ है। पूरी टीम इस सीन को परफेक्ट बनाने के लिए काफी मेहनत कर रही है,” निहारिका ने बताया।
ठंड, मैगी और शूटिंग का मजा
कश्मीर शूट के दौरान के हल्के-फुल्के पलों को साझा करते हुए निहारिका ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह वहां का लोकल फूड भी एन्जॉय कर रही हैं। इतनी ठंड में गरम-गरम मैगी खाना बहुत सुकून देता है। शॉट्स के बीच गरम चीजें पीना, आसपास के नजारे देखना और बर्फ के बीच शूट करना वाकई मजेदार है, उन्होंने कहा।
अनु और आर्य की जोड़ी को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिल रहा है। निहारिका ने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनका इंतजार अब खत्म होने वाला है। अनु और आर्य एक साथ आने वाले हैं। प्रपोजल सीन काफी रोमांटिक और इमोशनल होगा। यह शो के सबसे खूबसूरत पलों में से एक है, इसलिए आने वाले एपिसोड्स देखना बिल्कुल न भूलें,” उन्होंने कहा।
कश्मीर की खूबसूरत लोकेशन्स, दमदार इमोशंस और अनु-आर्य के रिश्ते में नया मोड़—ये सभी चीजें ‘तुम से तुम तक’ के आने वाले एपिसोड्स को और भी खास बनाने वाली हैं। फैंस अब बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब अनु और आर्य की लव स्टोरी एक नए मुकाम पर पहुंचेगी।












