जज पति पर अवैध संबंध और हत्या की कोशिश का आरोप, कोर्ट से लौटते वक्त पत्नी को मारी गोली

जज पति पर अवैध संबंध और हत्या की कोशिश का आरोप, कोर्ट से लौटते वक्त पत्नी को मारी गोली
AI IMAGE

जज की पत्नी वंदना को कोर्ट से लौटते समय गोली मारी गई। पीड़िता ने पति और ससुराल पक्ष पर अवैध संबंध, दहेज प्रताड़ना और हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस जांच जारी है।

Bihar: पीड़िता वंदना ने बताया कि उसकी शादी साल 2019 में हुई थी। उस समय उसके पति शिक्षक थे और छात्रों को पढ़ाया करते थे। शादी के बाद उसे पता चला कि पति का अपनी एक छात्रा से प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी उसे पहले नहीं थी। शुरुआत में पति यह रिश्ता छिपाकर रखते थे, लेकिन बाद में खुलेआम मिलने लगे।

शादी के करीब छह महीने बाद पति का चयन जज के पद पर हो गया। इसके बाद उनका व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वंदना का आरोप है कि जज बनने के बाद पति को किसी का डर नहीं रहा और उन्होंने दहेज को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, उससे 15 लाख रुपए की मांग की जाती थी और रकम न देने पर मारपीट होती थी।

अवैध संबंध का विरोध करने पर की गई मारपीट

वंदना ने आरोप लगाया कि भागलपुर में रहते हुए एक दिन पति ने अपनी प्रेमिका को घर बुलाया। उसे किचन में काम करने भेज दिया गया, जबकि दोनों एक कमरे में चले गए। जब वंदना ने कमरे में जाकर देखा, तो दोनों आपत्तिजनक स्थिति में थे।

इस अवैध संबंध का विरोध करने पर वंदना के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसने बताया कि ससुराल में कई बार उसे पीटा गया और तलवार व चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर वह आखिरकार मायके चली गई।

मेंटेनेंस केस के बाद बढ़ा विवाद

साल 2021 में वंदना ने गोड्डा कोर्ट में पति के खिलाफ भरण-पोषण (मेंटेनेंस) का केस दर्ज कराया। इसके कुछ समय बाद पति ने भागलपुर कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी। दोनों मामलों की सुनवाई अभी चल रही है।

मेंटेनेंस केस की सुनवाई के सिलसिले में वंदना शनिवार को गोड्डा कोर्ट आई थी। कोर्ट से लौटते समय बाइक पर सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी। वंदना का आरोप है कि हमलावर चार लोग थे, जिनमें उसके दो देवर भी शामिल थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद वंदना को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक गोली उसके जबड़े को चीरते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली पीठ के रास्ते आंत में फंसी हुई है। बुलेट की स्पष्ट लोकेशन न मिलने के कारण ऑपरेशन में परेशानी आ रही है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

गोड्डा डीएसपी प्रियदर्शी ने बताया कि महिला के आरोप पर उसके दो भैंसुरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, जिन्हें बाद में बांड पर छोड़ दिया गया। मामले की जांच के लिए टेक्निकल टीम को भी लगाया गया है। पीड़िता के पति को भी अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment