बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यानी शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत की। पहले दिन उन्होंने पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड के कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया।
Samriddhi Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत की। पहले दिन उन्होंने पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड के कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुमारबाग स्थित निर्माणाधीन वर्धन सीबीजी प्लांट का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यह प्लांट जल्द ही चालू हो जाएगा, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
वर्धन सीबीजी प्लांट का निरीक्षण
कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माणाधीन वर्धन सीबीजी प्लांट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यह प्लांट जल्द ही संचालन में आ जाएगा। सीएम ने निर्माण और तैयार उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और कहा कि इस तरह की औद्योगिक इकाइयां राज्य के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
नीतीश कुमार ने कुमारबाग में महिला छात्रावास के भवन का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा, उन्होंने विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) का दौरा कर वहां निर्माणाधीन विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उद्योगपतियों और निवेशकों को ऐसा अनुकूल औद्योगिक वातावरण देना है, जिसमें व्यवसाय सहजता से बढ़ सकें।
उन्होंने प्राइमरी प्रोसेसिंग सेंटर का भी उद्घाटन किया और कहा कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास भी सुनिश्चित किया जाएगा।

उद्यमियों और स्टॉलों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत व्यवसाय शुरू करने वाले उद्यमियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य उत्पाद, गारमेंट्स, फ्लाई ऐश ब्रिक्स और बाथिंग लग्जरी जैसे उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन प्रक्रिया पर ध्यान दिया। सीएम ने उद्यमियों से उनके लाभ, उत्पादन और गुणवत्ता के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
नीतीश कुमार ने कहा, “हम चाहते हैं कि सभी लोग आगे बढ़ें, अपना व्यवसाय बढ़ाएं। राज्य सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। उद्यमियों और निवेशकों के लिए हमारी प्रोत्साहन योजनाएं उद्योग को मजबूत और स्थायी बनाने में सहायक होंगी। सीएम ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी दौरा किया। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी पहल से उनका जीवन बेहतर हुआ है और परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।










