लोजपा (रामविलास) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए चार उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। चिराग पासवान ने प्रत्याशियों को सिंबल सौंपा और कहा कि पार्टी "बिहारी पहले" के सिद्धांत पर चुनाव लड़ेगी।
LJPR Candidate List 2025: बिहार चुनाव 2025 के लिए सियासी माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी LJPR ने भी अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने चार उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है और उन्हें सिंबल (Symbol) भी सौंपा है।
चिराग पासवान ने शुरू की चुनावी तैयारी
बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले चिराग पासवान इस बार भी पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। उन्होंने अपनी पार्टी लोजपा (रामविलास) की पहली लिस्ट जारी करते हुए साफ किया कि पार्टी "बिहारी पहले" (Bihari First) के सिद्धांत पर चुनाव लड़ेगी।
पार्टी की पहली सूची में जिन चार नामों की घोषणा की गई है, उनमें तीन वरिष्ठ और एक युवा नेता शामिल हैं।
चार सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा
चिराग पासवान ने लोजपा (रामविलास) के चार उम्मीदवारों को आधिकारिक रूप से सिंबल दिया है। ये उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की जमीनी पकड़ को मजबूत करने का दावा कर रहे हैं।
राजू तिवारी – गोविंदगंज विधानसभा सीट
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को गोविंदगंज से उम्मीदवार बनाया गया है। वह लंबे समय से लोजपा से जुड़े हैं और संगठन में मजबूत पकड़ रखते हैं। माना जा रहा है कि चिराग ने उन्हें संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क के आधार पर टिकट दिया है।
हुलास पांडेय – ब्रह्मपुर विधानसभा सीट
लोजपा (रामविलास) के बिहार संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडेय को ब्रह्मपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वे चिराग पासवान के करीबी माने जाते हैं और पार्टी की नीतियों के प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
संजय पासवान – बखरी (सुरक्षित) सीट
बिहार प्रदेश के प्रधान महासचिव संजय पासवान को बखरी (आरक्षित) सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है। चिराग पासवान ने खुद उन्हें सिंबल सौंपते हुए कहा कि वे दलित समुदाय और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के मजबूत चेहरे हैं।
सीमांत मृणाल – गरखा (सुरक्षित) सीट
छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सीमांत मृणाल को गरखा (आरक्षित) सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है। वह पार्टी के युवा चेहरों में से एक हैं और संगठन के छात्र विंग में लगातार सक्रिय रहे हैं।
टिकट वितरण कार्यक्रम में रही बड़ी मौजूदगी
पटना में आयोजित टिकट वितरण कार्यक्रम में पार्टी प्रमुख चिराग पासवान के साथ जमुई सांसद और बिहार प्रभारी अरुण भारती भी मौजूद थे। इस मौके पर चिराग ने कहा कि पार्टी ने उम्मीदवारों का चयन योग्यता, जनसंपर्क और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखकर किया है।
उन्होंने कहा, “हम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए तैयार हैं। लोजपा (रामविलास) का लक्ष्य बिहार को एक नया विजन देना है, जहां युवाओं को अवसर मिले, किसानों को सम्मान और हर वर्ग को सुरक्षा मिले।”