बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में 'नेट जीरो सरोजिनी नगर 2040' अभियान लॉन्च किया। कार्यक्रम में युवाओं ने भाग लिया। संजय दत्त ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की जिम्मेदारी अपनाने का संदेश दिया।
लखनऊ। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता संजय दत्त ने रविवार को लखनऊ में बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह के पर्यावरण अभियान 'नेट जीरो सरोजिनी नगर 2040' की शुरुआत की। इस मौके पर राजेश्वर सिंह की बेटी राजलक्ष्मी के प्रेरक भाषण ने सभी का दिल जीत लिया। अभियान का उद्देश्य सरोजिनी नगर को 2040 तक नेट जीरो क्षेत्र बनाना और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रोडशो और पैदल मार्च से अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम बंगला बाजार में जोरदार रोडशो के साथ शुरू हुआ। हजारों युवाओं, छात्रों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के लोग इस अभियान में शामिल हुए। संजय दत्त ने करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर अभियान का शुभारंभ किया और भीड़ को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'जीवन में तीन काम जरूर करें। पहला, पेड़ लगाएं। दूसरा, पानी बचाएं क्योंकि पानी सोना है। तीसरा, वोटर बनें और वोट डालें। और हां, ड्रग्स से दूर रहें।'
संजय दत्त ने इस मौके पर राजेश्वर सिंह को असली हीरो बताया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले नेता ही असली सुपरस्टार होते हैं।
राजेश्वर सिंह का संदेश
![]()
बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह अभियान उनके दो प्रिय मुद्दों, पर्यावरण संरक्षण और युवा सशक्तिकरण पर आधारित है। उन्होंने बताया, 'सरोजिनी नगर मेरी फैमिली की तरह है। मैं इसे आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना चाहता हूं। लोगों के सहयोग से यह अभियान एक जन आंदोलन बनेगा।'
राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया पर भी इस कार्यक्रम की जानकारी दी और लोगों की भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि नेट जीरो सरोजिनी नगर अभियान के जरिए स्वच्छ आदतों, जिम्मेदार खपत, पानी संरक्षण, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, हरे-भरे इलाके बढ़ाने और सक्रिय नागरिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
राजलक्ष्मी का प्रेरक भाषण
इस कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया जब राजेश्वर सिंह की 17 वर्षीय बेटी राजलक्ष्मी ने संजय दत्त का मेमेंटो देकर उनका स्वागत किया और जोरदार भाषण दिया। उन्होंने कहा, 'पापा से रोज आपकी तारीफ सुनती हूं। पिछले चार साल में आपने न सिर्फ पापा के दिल में जगह बनाई है, बल्कि हमारे दिल में भी जगह बनाई है।'
राजलक्ष्मी ने पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि बचपन में हम सोचते थे कि नीला आसमान एक मिथक है। दिल्ली में नीला आसमान देखना मुश्किल था और सूरज दिखना लग्जरी था। उन्होंने बताया कि अब लखनऊ में घरों में एयर प्यूरीफायर लगने लगे हैं, जिससे पता चलता है कि हर व्यक्ति की छोटी कोशिश भी बड़ी बदलाव की दिशा में अहम है।
संजय अंकल का व्यक्तित्व प्रेरणादायक
राजलक्ष्मी ने कहा, 'हम आभारी हैं कि संजय अंकल हमारे साथ हैं। उनका व्यक्तित्व प्रेरणादायक और मजबूत है। वे बॉम्बे से यहां युवाओं को प्रोत्साहित करने आए हैं। अगर कोई कहे यह असंभव है, तो बस मेरी लाइन याद रखें- "मेरे हौसले पर शक मत करो, मैं टूटे धागों से सपने बुनती हूं।"'
![]()
उन्होंने यह भी कहा कि असली बदलाव के लिए हर किसी की जिम्मेदारी है और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक होना चाहिए।
अभियान के मुख्य लक्ष्य
'नेट जीरो सरोजिनी नगर 2040' अभियान का लक्ष्य 2040 तक सरोजिनी नगर को नेट जीरो बनाना है। इस अभियान में छह मुख्य क्षेत्रों पर फोकस किया जाएगा। इनमें स्कूल-कॉलेज, हाउसिंग सोसाइटी और RWA, टाउनशिप, इंडस्ट्रीज, गांव और झीलें शामिल हैं। इसके अलावा नई नीतियों का निर्माण और उनके कार्यान्वयन पर भी ध्यान दिया जाएगा।
संजय दत्त ने साझा किया अनुभव
कार्यक्रम के दौरान संजय दत्त ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान उनके दिल के बहुत करीब है। उन्होंने रोडशो का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया और लिखा, 'थैंक यू सरोजिनी नगर, लखनऊ! यह अब तक का सबसे शानदार रोडशो था। पर्यावरण संरक्षण और नेट जीरो शहरों के संदेश का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद।'










