CMF जल्द भारत में अपने नए CMF Headphone Pro और CMF Watch 3 Pro लॉन्च कर सकती है। दोनों डिवाइस नए कलर ऑप्शन, स्टाइलिश डिजाइन और प्रीमियम फीचर्स के साथ आएंगे। ग्लोबल कीमतों को देखते हुए इनके मिड-रेंज सेगमेंट में आने की उम्मीद है, हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक कीमत घोषित नहीं की है।
CMF Headphone Pro और CMF Watch 3 Pro: लंदन की टेक कंपनी नथिंग के सब-ब्रांड CMF भारत में अपने नए हेडफोन और स्मार्टवॉच लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने इन डिवाइस को भारतीय बाजार के लिए टीज किया है, जिनमें नए कलर, आधुनिक डिजाइन और एडवांस फीचर्स मिलेंगे। ये प्रोडक्ट्स पहले इंटरनेशनल मार्केट में उतारे जा चुके हैं और अब भारत में युवाओं व स्टाइल पसंद करने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किए जाएंगे। लॉन्च डेट और कीमत को लेकर आधिकारिक जानकारी जल्द सामने आने की उम्मीद है।
नए कलर और स्टाइल पर फोकस
CMF Headphone Pro को भारत में लाइट ग्रीन, लाइट ग्रे या व्हाइट, ब्लैक और ऑरेंज जैसे कलर ऑप्शन में लाया जा सकता है। यह CMF का पहला ओवर-ईयर वायरलेस हेडफोन है, जिसे कंपनी ने ग्लोबल मार्केट में सितंबर 2025 में लॉन्च किया था। वहीं CMF Watch 3 Pro को डार्क ग्रे, लाइट ग्रे और ऑरेंज रंगों में टीज किया गया है। डिजाइन और रंगों से साफ है कि कंपनी युवा और स्टाइल पसंद करने वाले यूजर्स को टारगेट कर रही है।

भारत में कीमत क्या हो सकती है
ग्लोबल कीमतों की बात करें तो CMF Watch 3 Pro इटली में 99 यूरो और जापान में करीब 13,800 येन में लॉन्च हुई थी। वहीं CMF Headphone Pro अमेरिका में 99 डॉलर और यूके में 79 पाउंड की कीमत पर आया था। इन आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि भारत में भी दोनों डिवाइस मिड-रेंज सेगमेंट में करीब 10 हजार रुपये के आसपास लॉन्च हो सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी भारतीय कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
फीचर्स में क्या मिलेगा खास
CMF Watch 3 Pro में 1.43 इंच का राउंड AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 60Hz रिफ्रेश रेट और 670 निट्स ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। इसमें हार्ट रेट, स्लीप, ब्लड ऑक्सीजन, स्ट्रेस और मेंस्ट्रुअल साइकिल ट्रैकिंग जैसे हेल्थ फीचर्स दिए गए हैं। स्मार्टवॉच में ब्लूटूथ कॉलिंग, GPS, जेस्चर कंट्रोल और ChatGPT एक्सेस भी मिलता है। 350mAh की बैटरी के साथ यह एक बार चार्ज करने पर 13 दिन तक चलने का दावा करती है।
CMF Headphone Pro एक ओवर-ईयर वायरलेस हेडफोन है, जिसमें 40dB तक की एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन दी गई है। इसमें 40mm ड्राइवर्स, LDAC और Hi-Res ऑडियो सपोर्ट मिलता है। कंपनी का दावा है कि ANC बंद रहने पर यह 100 घंटे और ANC ऑन रहने पर 50 घंटे तक का बैटरी बैकअप देगा। USB Type-C चार्जिंग और Nothing X ऐप के जरिए कस्टम कंट्रोल्स इसे प्रीमियम फील देते हैं।













