संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार, 9 दिसंबर को चुनाव सुधारों पर चर्चा के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने चुनाव आयोग और सरकार के लिए अपनी पार्टी की ओर से तीन महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।
लखनऊ: संसद के शीतकालीन सत्र में मंगलवार (9 दिसंबर) को चुनाव सुधारों पर चर्चा हो रही है, जिसमें विपक्षी दल मौजूदा SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी नाराजगी और तर्क पेश कर रहे हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने भी चुनाव सुधार चर्चा के दौरान अपनी पार्टी की ओर से तीन मांगें रखीं। इनमें उन्होंने यूपी में SIR प्रक्रिया की समय सीमा बढ़ाने, अपराधिक छवि वाले नेताओं में पार्टी के बजाय नेता को जिम्मेदार ठहराने और EVM के बजाय बैलेट पेपर से दोबारा चुनाव कराने की मांग शामिल की है।
मायावती ने चुनाव आयोग के उस तर्क को खारिज किया जिसमें बैलेट पेपर से समय अधिक लगने की बात कही गई थी और इस संबंध में उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दोपहर को इन तीन मांगों को लेकर पोस्ट किया।
मायावती की तीन प्रमुख मांगें
![]()
1. SIR प्रक्रिया की समय सीमा बढ़ाई जाए
मायावती ने कहा कि SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर देश में जो व्यवस्था चल रही है, BSP उसका विरोध नहीं करती। लेकिन उनके अनुसार, मतदाता सूची में नाम भरने की समय सीमा बहुत कम है, जिससे BLO (Booth Level Officer) पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। कई BLO अपने काम के दबाव और तनाव के कारण अपनी जान तक गंवा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में लगभग 15.40 करोड़ मतदाता हैं और जल्दबाज़ी में SIR प्रक्रिया पूरी करने से कई वैध मतदाता, खासकर जो काम के सिलसिले में बाहर हैं, मतदाता सूची से बाहर रह सकते हैं, जो उनके संवैधानिक अधिकार का हनन होगा। इसलिए, SIR की समय सीमा बढ़ाने की जरूरत है ताकि BLO और मतदाता दोनों के लिए प्रक्रिया सुगम और न्यायसंगत हो।
2. अपराधी प्रत्याशियों की जिम्मेदारी पार्टी पर न डाली जाए
मायावती ने कहा कि चुनाव आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार, अपराधी पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को अपने आपराधिक इतिहास का विवरण देना आवश्यक है। इसके बावजूद, अक्सर इसका बोझ राजनीतिक पार्टी पर डाला जाता है। BSP का कहना है कि उम्मीदवार को खुद जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए, न कि पार्टी को। यदि किसी उम्मीदवार ने अपने आपराधिक इतिहास को छुपाया, तो कानूनी कार्रवाई और जिम्मेदारी भी उसी पर होनी चाहिए।
3. EVM की जगह बैलेट पेपर से वोटिंग
बीएसपी सुप्रीमो ने EVM पर भरोसा न होने का मुद्दा फिर उठाया। उन्होंने कहा कि लगातार EVM और VVPAT में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसलिए चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए फिर से बैलेट पेपर से वोटिंग लागू की जानी चाहिए। यदि फिलहाल बैलेट पेपर संभव न हो, तो कम से कम VVPAT की गिनती सभी बूथों में EVM के वोटों से मिलाकर पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
मायावती ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा कहा जाता है कि इसमें अधिक समय लगेगा, लेकिन उनका मानना है कि अगर कुछ घंटे और लगते हैं तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। इस तरह से देश की जनता का चुनाव प्रक्रिया में विश्वास बढ़ेगा और विभिन्न प्रकार के संदेह दूर होंगे।












