प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025: राजस्थान में होंगे 1 लाख करोड़ के MoU, निवेश और संस्कृति का संगम

राजस्थान में आयोजित प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025 में 1 लाख करोड़ रुपये के MoU साइन होंगे। जानें कैसे निवेश और संस्कृति का होगा अनोखा संगम। सांस्कृतिक कार्यक्रम

राजस्थान सरकार को दो साल पूरे होने जा रहे हैं, और इसके चलते प्रदेश की सरकार उत्साहित और सुपर एक्टिव मोड में दिखाई दे रही है। इसी बीच बड़ी खबर यह है कि राजधानी जयपुर में 10 दिसंबर को जेईसीसी में ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां सूबे की भजनलाल सरकार जोरों-शोरों से कर रही है।

जयपुर: राजस्थान सरकार ने 10 दिसंबर 2025 को राजधानी जयपुर के जेईसीसी में ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ का भव्य आयोजन करने की तैयारी पूरी कर ली है। यह कार्यक्रम न केवल प्रवासी राजस्थानियों के साथ राज्य और उद्योग जगत को जोड़ने का अवसर होगा, बल्कि इसमें लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।

राजस्थान सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर यह कार्यक्रम राज्य की प्रगति और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि यह आयोजन निवेश, उद्योग और संस्कृति का संगम है, जिसमें देश और विदेश के व्यवसायिक और औद्योगिक नेता भाग लेंगे।

आयोजन में प्रमुख गणमान्य व्यक्ति होंगे मौजूद

इस भव्य कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां भी इस अवसर पर शामिल होंगी। उद्घाटन सत्र में देश के उद्योग क्षेत्र की दिग्गज हस्तियां, जैसे वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, पीरामल ग्रुप के चेयरमैन अजय पीरामल, और टाटा पावर के सीईओ एवं एमडी प्रवीर सिन्हा हिस्सा लेंगे। ये सभी राजस्थान में निवेश, औद्योगिक अवसर और राज्य सरकार के सुधारों पर अपने विचार साझा करेंगे।

1 लाख करोड़ के MoU और निवेश प्रस्ताव

‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ में 1 लाख करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्तावों की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024’ के बाद से धरातल पर उतरी परियोजनाओं पर भी चर्चा होगी। सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए ‘प्रगति पथ’ नामक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य की विकास यात्रा और निवेश परियोजनाओं को दर्शाया जाएगा।

कार्यक्रम में ‘कमिटमेंट इन एक्शन’ नामक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त देश-विदेश में उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि उनकी सफलता को व्यापक स्तर पर पहचान मिल सके।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और परंपराओं की झलक

प्रवासी राजस्थानी दिवस केवल निवेश और औद्योगिक प्रस्तावों तक सीमित नहीं रहेगा। इस अवसर पर राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में घूमर और कालबेलिया जैसे पारंपरिक राजस्थानी नृत्यों की प्रस्तुति होगी, जो आगंतुकों को राजस्थान की कला और संस्कृति से रूबरू कराएगी।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास कार्यक्रम के समापन में अपने संबोधन के माध्यम से आयोजन की मुख्य बातें साझा करेंगे और राज्य में निवेश एवं औद्योगिक विकास की दिशा में किए गए कदमों का सार प्रस्तुत करेंगे।

 

Leave a comment