उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। ‘10 रुपए का बिस्कुट’ डायलॉग से फेमस हुए जकाती पर आरोप है कि उन्होंने अपने ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन को लेकर बिना अनुमति भारी भीड़ जुटा ली, जिससे इलाके में जाम और अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई।
बताया जा रहा है कि 26 अप्रैल को हापुड़ रोड स्थित ग्रैंड स्क्वायर मॉल में ‘जकाती ज्वेलर्स’ के नाम से शोरूम का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में कई सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को बुलाया गया था, जिनमें रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह समेत कई नाम शामिल थे। कार्यक्रम से पहले ही सोशल मीडिया के जरिए बड़े स्तर पर प्रचार किया गया, जिससे हजारों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि हापुड़ रोड पर लंबा जाम लग गया। हालात बिगड़ने लगे तो पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। नौचंदी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ जगहों पर लोगों को हटाने के लिए सख्ती भी करनी पड़ी।
इस पूरे मामले में पुलिस ने देर रात शादाब जकाती समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि बिना अनुमति भीड़ जुटाकर कानून-व्यवस्था को प्रभावित किया गया।
यह पहला मौका नहीं है जब जकाती विवादों में आए हैं। इससे पहले भी उनके खिलाफ कई मामलों में FIR दर्ज हो चुकी है। एक मामले में उनकी साथी कलाकार के पति ने उन पर गलत व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया था।
इसके अलावा, एक वीडियो में नाबालिग बेटी के साथ कथित आपत्तिजनक कंटेंट बनाने पर भी उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। उस समय सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी, जिसके बाद उन्होंने वीडियो हटाकर माफी मांगी थी।
एक अन्य विवादित वीडियो में जकाती पर एक महिला से अभद्र टिप्पणी करने और ‘KISS’ मांगने का आरोप लगा था, जिस पर भी FIR दर्ज हुई थी और उन्हें गिरफ्तार तक किया गया था।












