महंगाई राहत के लिए ट्रंप से मिलना चाहते हैं मेयर ममदानी, व्हाइट हाउस से संपर्क शुरू

न्यूयॉर्क मेयर जोहरान ममदानी ने महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत पर समाधान के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की इच्छा जताई है। दोनों पक्ष बैठक को लेकर

न्यूयॉर्क मेयर जोहरान ममदानी ने शहर की महंगाई और जीवन-यापन लागत कम करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने की इच्छा जताई है। उनकी टीम ने व्हाइट हाउस से संपर्क किया है और दोनों पक्ष बैठक पर सहमति की ओर बढ़ रहे हैं।

America: न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जल्द मुलाकात की इच्छा जताई है। ममदानी का कहना है कि यदि इस बैठक से शहर की महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत पर राहत मिल सकती है तो वह मिलने के लिए तैयार हैं। ब्रॉन्क्स में एक फूड पैंट्री के दौरे के दौरान उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने व्हाइट हाउस से बैठक के लिए संपर्क किया है। ट्रंप ने भी फ्लोरिडा से वॉशिंगटन लौटते समय इस मुलाकात को लेकर कहा था कि “हम कुछ न कुछ जरूर करेंगे।”

फेडरल निर्णयों पर ममदानी की आपत्ति

ममदानी ने कहा कि वह किसी से भी मिलने को तैयार हैं यदि इससे न्यूयॉर्क के लोगों का भला हो। उन्होंने याद दिलाया कि ट्रंप ने अपने चुनाव अभियान में किराने के सामान को सस्ता करने और जीवन-यापन लागत कम करने का वादा किया था, लेकिन मौजूदा प्रशासनिक फैसलों का असर न्यूयॉर्क वासियों पर उलटा पड़ रहा है।

उन्होंने सरकारी शटडाउन के दौरान SNAP फूड सहायता कार्यक्रम की फंडिंग घटाने की कोशिश की आलोचना की और कहा कि उनका प्रशासन शहर को ऐसे किसी भी फेडरल कदम से बचाएगा जो लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ाता हो।

राजनीतिक टकराव के बीच संभावित मुलाकात

ममदानी और ट्रंप के बीच संभावित मुलाकात को राजनीतिक बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। चुनावी अभियान में ट्रंप ने ममदानी पर कई बार निशाना साधा था, उन्हें “कम्युनिस्ट” कहा था और चेतावनी दी थी कि उनके जीतने पर न्यूयॉर्क बर्बाद हो जाएगा। 

ट्रंप ने देश निकाला देने और फंडिंग रोकने की भी धमकी दी थी। युगांडा में जन्मे ममदानी 2018 में अमेरिकी नागरिक बने और हाल ही में डेमोक्रेटिक प्राइमरी में एंड्रयू क्यूमो को हराने के बाद मेयर चुनाव में क्यूमो और रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा को बड़े अंतर से मात दी।

Leave a comment