Pune

MP को मिला 11,000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, CM मोहन यादव बोले– दुबई और स्पेन दौरा रहा सफल

MP को मिला 11,000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, CM मोहन यादव बोले– दुबई और स्पेन दौरा रहा सफल

मुख्यमंत्री मोहन यादव का दुबई और स्पेन दौरा राज्य के लिए निवेश की दृष्टि से बेहद फायदेमंद साबित हुआ है। विदेश यात्रा से लौटने के बाद भोपाल में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरे के दौरान मध्यप्रदेश को 11,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने इस यात्रा को पूरी तरह सफल करार दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान बार्सिलोना की सबमर कंपनी के साथ 3,800 करोड़ रुपये की लागत से डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया गया है। इसके अलावा, कुल 22 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारी को लेकर एमओयू साइन किए गए हैं, जिससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

किसानों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अब कपास उत्पादक किसानों को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में प्रशिक्षण दिलाएगी, ताकि वे आधुनिक कृषि तकनीकों से लैस हो सकें और वैश्विक बाजार की मांग को समझ सकें। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और उत्पादन में गुणवत्ता आएगी।

यात्रा के अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दुबई में भारतीय भोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। वहां एक भारतीय रेस्टोरेंट 'खाना-खजाना' में उन्होंने जब भोजन किया तो उन्हें भोपाल की याद आ गई। उन्होंने बताया कि इस रेस्टोरेंट में 90% ग्राहक विदेशी होते हैं जो भारतीय व्यंजनों का स्वाद लेते हैं।

दुबई में मिला एयर कनेक्टिविटी का भरोसा

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुबई यात्रा की शुरुआत अनंतारा होटल से हुई, जहां अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाही से मुलाकात हुई। इस दौरान शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और युवा सहभागिता जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यामाही ने इन पहलुओं में विशेष रुचि दिखाई।

बीएपीएस मंदिर के महाराज से मुलाकात को मुख्यमंत्री ने विशेष बताया और कहा कि यह मंदिर सभी धर्मों के लिए आस्था का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि दुबई का यह मॉडल 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' की भावना को दर्शाता है, जिसे पूरी दुनिया अपना रही है।

दुबई में एयर कनेक्टिविटी पर भी चर्चा हुई। अमीरात एयरलाइंस ने भोपाल से सीधी फ्लाइट शुरू करने की इच्छा जताई है। एयर इंडिया और इंडिगो ने भी नई उड़ानों को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश की एविएशन पॉलिसी देश में सबसे आकर्षक है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को प्रति ट्रिप 15 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाती है।

'फ्रेंड्स ऑफ एमपी' सम्मेलन में दिखा उत्साह

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुबई में आयोजित 'फ्रेंड्स ऑफ एमपी' सम्मेलन में अप्रवासी भारतीयों का उत्साह देखते ही बनता था। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर ही इतनी अधिक संख्या में रजिस्ट्रेशन हुए कि आयोजकों को प्रक्रिया रोकनी पड़ी। सीएम ने बताया कि दुबई में लगभग 42 लाख भारतीय रहते हैं, जिन्होंने वहां अपनी एक अलग पहचान बनाई है। खासतौर पर इंदौर के प्रवासियों ने 'इंदौर इंटरनेशनल बिजनेस' नामक संगठन बनाकर वहां अपनी मजबूत साख कायम की है।

बिजनेस फोरम में मिले 5701 करोड़ के प्रस्ताव

14 जुलाई को दुबई में 'इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश' अभियान के तहत बिजनेस फोरम का आयोजन किया गया। इसमें 30 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान प्रदेश को कुल 5,701 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। प्रमुख निवेश प्रस्तावों में बीएमडब्ल्यू डेवेलपर्स से 2,750 करोड़, कोनारेस मेटल से 640 करोड़, स्पेन कम्युनिकेशन और अल्फा मिया से 500 करोड़, जबकि सराफ ग्रुप और रिलायंस डिफेंस से 250-250 करोड़ रुपये शामिल हैं।

स्पेन यात्रा में दिखी साझेदारी की नई संभावनाएं

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि 16 जुलाई को वे स्पेन पहुंचे, जिसे उन्होंने भारत जैसा देश बताया। उन्होंने कहा कि वहां विरासत और विकास का संतुलन देखने को मिला। स्पेन भारत का छठा सबसे बड़ा साझेदार देश है। मुख्यमंत्री ने स्पेन के साथ फिल्म निर्माण को लेकर भी एमओयू साइन किया है, जिसके तहत स्पेनिश फिल्म निर्माता मध्यप्रदेश में शूटिंग करेंगे।

17 जुलाई को उन्होंने इंडिटेक्स सिटी का दौरा किया, जहां विश्व प्रसिद्ध फैशन ब्रांड जारा की इंडस्ट्री है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कंपनी ग्रीन एनर्जी पर फोकस कर रही है। जब हमने उन्हें बताया कि मध्यप्रदेश पहले से ही ग्रीन एनर्जी को लेकर अग्रणी कदम उठा रहा है, तो उन्होंने प्रदेश को बड़े ऑर्डर देने की इच्छा जताई।

विरासत से विकास की दिशा में कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद हमने पांच देशों की यात्रा की, जिसके तहत आरआईसी के माध्यम से 4.50 लाख करोड़ और ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के जरिए 30.77 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की दीर्घकालिक योजना को साकार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेश आवश्यक है। यह न केवल आर्थिक विकास में सहायक होगा, बल्कि सांस्कृतिक और विरासत संरक्षण को भी बल देगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2026 को भारत और मध्यप्रदेश सरकार ने भारत-स्पेन सांस्कृतिक वर्ष घोषित किया है। उन्होंने स्पेन के प्रसिद्ध फ्लेमिंगो डांस की तुलना राजस्थान के कालबेलिया नृत्य से करते हुए कहा कि दोनों देशों की संस्कृति में गहराई से समानता देखने को मिलती है। 

Leave a comment