महराजगंज - नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में स्थित कैसिनो में भारतीय नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद नियमों में सख्ती कर दी गई है। 27 दिसंबर को ठगी के आरोप में छह भारतीयों की गिरफ्तारी के बाद नेपाल सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसके चलते कैसिनो संचालन और वहां आने वाले विदेशी नागरिकों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है।
नए नियमों के तहत अब कैसिनो में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता, पहचान पत्र और प्रवेश-निकास का समय अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाएगा। यह रिकॉर्ड कम से कम छह महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा। साथ ही कैसिनो परिसरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी रिकॉर्डिंग भी छह महीने तक संरक्षित रहेगी।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जांच में सामने आया है कि कुछ गिरोह कैसिनो का इस्तेमाल ठगी, हवाला और अवैध लेनदेन के लिए कर रहे थे। गिरफ्तार भारतीयों के पास से लेजर उपकरण बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग ताश के खेल में धोखाधड़ी के लिए किया जाता था।
नेपाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पर्यटकों को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।











