ऑनलाइन ठगी का बड़ा रैकेट पकड़ा गया, फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों की ठगी

जयपुर के मुहाना थाना पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर स्टील सप्लाई के नाम पर करोड़ों की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया, मास्टरमाइंड झारखंड से गिरफ्तार।
ऑनलाइन ठगी का बड़ा रैकेट पकड़ा गया, फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों की ठगी

मुहाना थाना पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मास्टरमाइंड झारखंड से गिरफ्तार हुआ है। आरोपी ने देशभर में करोड़ों की ठगी करना कबूल किया है।

Rajasthan: जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में दर्ज एक बड़े ऑनलाइन ठगी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी फर्जी फर्म बनाकर व्यापारियों को स्टील और अन्य सामान सप्लाई का झांसा देते थे और फिर लाखों-करोड़ों रुपए की ठगी कर फरार हो जाते थे। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी केशव उगन झा को झारखंड के झुमरी तलैया (कोडरमा) से गिरफ्तार किया है। उसके सहयोगी चंदन शंकर झा को महाराष्ट्र के पुणे से हिरासत में लिया गया है।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि मुहाना थाने में मामला दर्ज होने के बाद एक विशेष टीम बनाई गई थी। जांच में सामने आया कि जयपुर स्थित सनप्रो इन्फ्राटेक प्रा.लि. कंपनी से स्टील प्लेट सप्लाई के नाम पर करीब 1.17 करोड़ रुपए की ठगी की गई थी।

ऐसे जीता भरोसा

पीड़ित कंपनी के निदेशक रामस्नेही ने पुलिस को बताया कि नेपाल के रिद्धि-सिद्धि पावर प्रोजेक्ट के लिए उन्हें स्टील प्लेट की जरूरत थी। इसी दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर केशव एंटरप्राइजेज नाम की फर्म से संपर्क हुआ। शुरुआत में आरोपियों ने थोड़ी मात्रा में असली माल भेजा, जिससे भरोसा बन गया।

ऑनलाइन ठगी का बड़ा रैकेट पकड़ा गया, फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों की ठगी

इसके बाद बड़े ऑर्डर के नाम पर फर्जी बिल्टी, ट्रक नंबर और दस्तावेज भेजकर शेष रकम खाते में डलवा ली गई। पैसे मिलते ही आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि जिस पते पर फर्म दर्ज थी, वहां कोई स्टील कंपनी नहीं बल्कि ऑटोमोबाइल पार्ट्स की फैक्ट्री चल रही थी।

गिरोह का शातिर तरीका

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद चालाकी से ठगी करता था। पहले छोटे ऑर्डर पूरे कर व्यापारियों का भरोसा जीता जाता था। फिर बड़े सौदे तय कर फर्जी कागजात के जरिए रकम हड़प ली जाती थी। कई बार भरोसा बढ़ाने के लिए एडवांस की गई राशि भी वापस कर दी जाती थी।

गिरोह के सदस्य खुद को फर्म का कर्मचारी, मैनेजर या पर्सनल असिस्टेंट बताकर बात करते थे, ताकि कंपनी बड़ी और भरोसेमंद लगे। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर तुरंत निकाल ली जाती थी। हर वारदात के बाद नया सिम, नया बैंक खाता और नई फर्जी फर्म बनाकर दोबारा ठगी को अंजाम दिया जाता था।

तकनीकी जांच से गिरफ्तारी

थानाधिकारी गुरभूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। एफसी ओमप्रकाश डोबर की भूमिका से झारखंड में दबिश देकर केशव उगन झा (40) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने देश के कई राज्यों में सैकड़ों व्यापारियों से ठगी करना कबूल किया है।

अब तक 14 से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस बैंक खातों की जांच कर अन्य थानों को जानकारी दे रही है। गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Leave a comment