ग्रेटर नोएडा की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर कार सीख रही एक महिला से वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चे घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश ग्रेटर नोएडा की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक कार हादसे में पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चला रही महिला वाहन चलाना सीख रही थी और संतुलन बिगड़ने के बाद कार बच्चों की ओर बढ़ गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को कार ने मारी टक्कर
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार अनियंत्रित होकर स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों की ओर बढ़ गई। हादसे में पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को छुट्टी दे दी गई।
![]()
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रही महिला वाहन चलाना सीख रही थी और अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकली थी। सोसायटी के गेट से बाहर निकलते समय कार का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई।
ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबाने की आशंका
स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिला ने गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार अचानक तेज गति से आगे बढ़ गई। बताया जा रहा है कि सोसायटी के एग्जिट गेट के पास ढलान होने के कारण कार की रफ्तार और बढ़ गई। इसी दौरान कार पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकराई, जिससे उसकी गति कुछ कम हुई, लेकिन इसके बाद भी वाहन स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों तक पहुंच गया।
हादसे में एक स्कूटी सवार महिला को भी चोटें आईं। हालांकि पुलिस ने अभी तक दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए मोबाइल फोन के इस्तेमाल जैसे दावों की भी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों को मामूली चोटें आई थीं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद महिला कार लेकर वहां से चली गई। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिसरख थाना प्रभारी मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। वहीं, सोसायटी के निवासियों और अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल समय के दौरान सोसायटी के बाहर ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।










