District Hospital Noida में कार्यरत 42 सफाईकर्मियों ने वेतन वृद्धि और बकाया भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने 14 मई से धरना और 15 मई से हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है।
Noida: District Hospital Noida के सफाईकर्मियों और एजेंसी प्रबंधन के बीच वेतन विवाद गहराता जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बढ़ा हुआ वेतन और कई महीनों का बकाया भुगतान नहीं मिला है, जबकि पीएफ राशि भी जमा नहीं की गई। नाराज सफाईकर्मियों ने 14 मई को अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना देने और मांगें पूरी न होने पर अगले दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।
जिला अस्पताल में आउटसोर्स सफाई कर्मियों को बढ़ा हुआ वेतन नहीं मिलने का मामला अब और गरमा गया है। अस्पताल में तैनात 42 सफाई कर्मचारियों ने एजेंसी और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 14 मई से धरना प्रदर्शन और उसके अगले दिन से हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि शासन के आदेश के बावजूद उन्हें बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया जा रहा और पिछले महीने की सैलरी भी अब तक नहीं मिली है।
वेतन और पीएफ को लेकर बढ़ा विवाद
सफाई कर्मियों का कहना है कि All Global Services कंपनी द्वारा जिला अस्पताल में सफाई और हाउसकीपिंग का काम कराया जा रहा है। इसके बदले कर्मचारियों को केवल 9 से 10 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाता है। आरोप है कि एजेंसी ने पिछले महीने का वेतन रोक रखा है और कई महीनों से पीएफ की रकम भी जमा नहीं की गई है।

कर्मचारियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारियों को उधार लेकर घर का खर्च उठाना पड़ रहा है। बुधवार को कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर नाराजगी जाहिर की और समय पर भुगतान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
14 मई से धरना, फिर हड़ताल की चेतावनी
कर्मचारियों ने साफ कहा है कि अगर 10 मई तक पूरा वेतन जारी नहीं किया गया तो 14 मई से अस्पताल के मुख्य गेट पर काली पट्टी बांधकर धरना दिया जाएगा। इसके अगले दिन सुबह 9 बजे से अस्पताल की सफाई व्यवस्था ठप करते हुए हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
सफाईकर्मी महेश ने कहा कि चोट लगने के बावजूद उन्हें छुट्टी नहीं मिली, लेकिन मेहनताना बढ़ाने की मांग पर एजेंसी ने साफ इनकार कर दिया। कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन से हस्तक्षेप कर समाधान कराने की मांग की है।
एजेंसी ने बजट नहीं मिलने का दिया तर्क
ऑल ग्लोबल सर्विसेस कंपनी के संचालक योगेंद्र कुमार का कहना है कि पिछले छह से सात महीनों से अस्पताल प्रबंधन की ओर से पूरा बजट जारी नहीं किया गया है। इस संबंध में कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों की परेशानी को देखते हुए एक महीने का वेतन अपनी ओर से दिया गया है।
संचालक ने कहा कि शासन द्वारा वेतन वृद्धि का आदेश जरूर जारी किया गया है, लेकिन बढ़े हुए वेतन के लिए एजेंसी को भी अतिरिक्त बजट मिलना जरूरी है। उनका यह भी कहना है कि जुलाई में अस्पताल के साथ एजेंसी का अनुबंध समाप्त होने वाला है।










