न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर जोहरान ममदानी ने पद संभालते ही ऐसा फैसला लिया है, जिससे इजरायल नाराज़ हो गया है। इजरायल सरकार ने ममदानी पर ‘एंटीसेमिटिज्म’ यानी यहूदियों के प्रति नफरत का आरोप लगाया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: न्यूयॉर्क सिटी के 112वें मेयर के रूप में पदभार संभालते ही जोहरान ममदानी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय विवाद के केंद्र में आ गए हैं। मेयर बनते ही उन्होंने पूर्व मेयर एरिक एडम्स द्वारा जारी किए गए दो अहम प्रशासनिक आदेशों को रद्द कर दिया, जिनका संबंध इजरायल के बहिष्कार (बॉयकॉट) और एंटीसेमिटिज्म की परिभाषा से था। इन फैसलों के बाद इजरायल की सरकार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और ममदानी पर यहूदी विरोधी भावना को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।
कौन हैं जोहरान ममदानी
34 वर्षीय जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क सिटी के इतिहास में कई मायनों में खास हैं। वह शहर के पहले मुस्लिम मेयर, पहले दक्षिण एशियाई मूल के मेयर और पिछले 100 वर्षों में सबसे युवा मेयर बने हैं। डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट विचारधारा से जुड़े ममदानी ने चुनाव प्रचार के दौरान न्यूयॉर्क जैसे महंगे शहर में आम लोगों के जीवन-यापन की लागत कम करने को अपना मुख्य एजेंडा बताया था।
गुरुवार को आधी रात के बाद हुए एक निजी शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने पद की शपथ ली। इस मौके पर उनकी पत्नी रामा दुवाजी, प्रसिद्ध फिल्ममेकर मां मीरा नायर और शिक्षाविद पिता महमूद ममदानी मौजूद थे। शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा, “यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और विशेषाधिकार है।

कौन से आदेश किए गए रद्द
मेयर पद संभालने के कुछ ही घंटों बाद ममदानी ने पूर्व मेयर एरिक एडम्स के दो कार्यकारी आदेश वापस ले लिए। पहला आदेश शहर की एजेंसियों को इजरायल के बहिष्कार से रोकता था, जबकि दूसरा आदेश इंटरनेशनल होलोकॉस्ट रिमेम्ब्रेंस एलायंस (IHRA) की एंटीसेमिटिज्म की परिभाषा को अपनाने से जुड़ा था, जिसमें इजरायल की कुछ आलोचनाओं को भी यहूदी विरोधी माना गया था।
इन आदेशों को रद्द करने को ममदानी ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नीतिगत संतुलन से जुड़ा फैसला बताया है। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कड़ा बयान जारी करते हुए कहा, न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के रूप में अपने पहले ही दिन जोहरान ममदानी ने अपना असली चेहरा दिखा दिया। उन्होंने एंटीसेमिटिज्म की IHRA परिभाषा को रद्द कर दिया और इजरायल के बॉयकॉट पर लगी पाबंदियां हटा दीं। यह नेतृत्व नहीं है, बल्कि एंटीसेमिटिज्म की आग में पेट्रोल डालने जैसा है।
शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेयर ममदानी ने अपने फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क के कई यहूदी संगठनों और समुदायों ने भी IHRA की व्यापक परिभाषा पर चिंता जताई थी। ममदानी के अनुसार, हर नए मेयर के पास यह अधिकार होता है कि वह मौजूदा आदेशों को जारी रखे, संशोधित करे या रद्द करे। हमने यह फैसला सोच-समझकर लिया है।











