न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने टी20 सर्किट में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। बोर्ड ने घोषणा की है कि वह अपनी नई फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग ‘NZ20’ शुरू करेगा, जो देश में टी20 क्रिकेट को नई दिशा देने वाली है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने घरेलू टी20 क्रिकेट को लेकर बड़ा फैसला लिया है। दुनिया के अन्य बड़े क्रिकेट बोर्ड्स की तरह, न्यूज़ीलैंड बोर्ड भी नई फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग की शुरुआत करने जा रहा है। इस नए कदम के तहत, बोर्ड अपनी नई टी20 लीग 'NZ20' को घरेलू क्रिकेट में प्राथमिकता देगा। यह फैसला न्यूजीलैंड में क्रिकेट के भविष्य और युवा प्रतिभाओं के विकास को ध्यान में रखकर लिया गया है।
सुपर स्मैश टूर्नामेंट को मिलेगा नया रूप
पिछले 21 साल से न्यूजीलैंड में सुपर स्मैश टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है, जो देश की घरेलू टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता का अहम हिस्सा है। हालांकि, टी20 क्रिकेट के ग्लोबल स्तर पर बढ़ते चलन और आईपीएल जैसी फ्रेंचाइजी लीगों की सफलता को देखते हुए NZC ने अब बदलाव करने का निर्णय लिया है। बोर्ड का लक्ष्य घरेलू क्रिकेट की पहचान बनाए रखना और इसे ग्लोबल स्तर पर और आकर्षक बनाना है।
NZC की चेयरपर्सन डायना पुकेतापु-लिंडन ने कहा, “हमने ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) के विस्तार और सफलता को ध्यान में रखते हुए NZ20 शुरू करने का निर्णय लिया है। यह न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक रोमांचक समय है और हम चाहते हैं कि यह लीग खेल के हितों और खिलाड़ियों के विकास दोनों के लिए लाभकारी हो।

युवा खिलाड़ियों के लिए वर्ल्ड क्लास मंच
NZC के अनुसार, NZ20 लीग न केवल बोर्ड को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि युवा क्रिकेटरों को अपने हुनर को ग्लोबल स्तर पर दिखाने का मौका भी देगी। यह लीग विशेष रूप से घरेलू प्रतिभाओं के लिए एक मंच होगी, जिससे उन्हें आईपीएल और अन्य अंतरराष्ट्रीय टी20 लीगों में चयन के अवसर मिल सकते हैं।
डायना पुकेतापु-लिंडन ने आगे कहा, “NZ20 से घरेलू क्रिकेट को नया रूप मिलेगा। खिलाड़ी इस मंच पर खेलकर अनुभव और आत्मविश्वास दोनों हासिल करेंगे। साथ ही, यह लीग न्यूजीलैंड क्रिकेट की ब्रांड वैल्यू को भी बढ़ाएगी। NZC ने डेलॉयट (Deloitte) की रिपोर्ट और विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के सुझावों के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि न्यूजीलैंड के पास अपनी मजबूत ग्लोबल ब्रांड वैल्यू है। खासतौर पर महिला टीम के टी20 वर्ल्ड कप जीतने और मेंस टीम के निरंतर प्रदर्शन से देश की ब्रांड वैल्यू काफी बढ़ी है।









