ओडिशा के मलकानगिरी जिले में 22 माओवादियों ने सामूहिक आत्मसमर्पण किया। हथियार, विस्फोटक और माओवादी साहित्य पुलिस के हवाले किए गए। सरकार ने उन्हें पुनर्वास और आर्थिक सहायता के पैकेज का लाभ भी दिया।
Bhubaneshwar: ओडिशा के मलकानगिरी जिले में मंगलवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब 22 माओवादियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया। यह इस वर्ष का अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक माओवादी सरेंडर माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बढ़ते दबाव, इनामी माओवादी पोस्टरों और सरकार की सतत कार्रवाई का इस कदम में अहम योगदान रहा है। आत्मसमर्पण करने वालों में संभागीय समिति सदस्य, सहायक समिति व उपसमिति सदस्य और अन्य पार्टी सदस्य शामिल हैं, जिन पर लाखों रुपये का इनाम घोषित था।
हथियार और विस्फोटक पुलिस के हवाले
आत्मसमर्पण कार्यक्रम मलकानगिरी पुलिस मुख्यालय में आयोजित किया गया। इस दौरान माओवादियों ने AK–47, आईएनएसएएस, एसएलआर और 303 के तीन राइफल सहित कुल नौ हथियार पुलिस के हवाले किए। इसके साथ ही भारी मात्रा में गोलाबारूद, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य भी बरामद किया गया। बरामद सामग्री में 150 राउंड गोलियां, 13 टिफिन बम, करीब 20 किलो विस्फोटक, जिलेटिन स्टिक और कोडेक्स वायर शामिल थे।
डीजीपी की मौजूदगी
आत्मसमर्पण कार्यक्रम में ओडिशा पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई, सरकार की विकास योजनाओं और पुनर्वास नीति का परिणाम बताया। डीजीपी खुरानिया ने कहा कि सरकार समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले सभी माओवादियों का स्वागत करती है और अन्य भूमिगत माओवादियों से भी हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की।
![]()
सरेंडर करने वालों का परिचय
आत्मसमर्पण करने वाले अधिकांश माओवादी आंध्र प्रदेश–ओडिशा सीमा क्षेत्र और दंडकारण्य विशेष जोन में सक्रिय थे। इनमें एक डिवीजनल कमेटी सदस्य, छह एरिया कमेटी सदस्य और 15 साधारण पार्टी सदस्य शामिल थे। इनके खिलाफ पहले से पुलिस की ओर से इनाम घोषित किया गया था।
मलकानगिरी जिले में सरकार और पुलिस द्वारा लगाए गए आठ करोड़ रुपये से अधिक के इनामी पोस्टरों और लगातार दबाव का इस सामूहिक आत्मसमर्पण पर बड़ा असर पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, लगातार जागरूकता, प्रोत्साहन और दबाव ने माओवादियों को हिंसा छोड़ने के लिए प्रेरित किया।
पुनर्वास और आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज
राज्य सरकार की माओवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत पद के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। डिवीजनल कमेटी सचिव या मिलिट्री प्लाटून कमांडर को 27 लाख 50 हजार रुपये, डिवीजनल कमेटी सदस्य को 22 लाख रुपये, एरिया कमेटी सदस्य को 5 लाख 50 हजार रुपये और साधारण पार्टी सदस्य को 1 लाख 65 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
हथियारों के सरेंडर पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी तय की गई है। ए के–47 के लिए 3 लाख 30 हजार रुपये और आईएनएसएएस राइफल के लिए 1 लाख 65 हजार रुपये अतिरिक्त प्रदान किए जाएंगे। सभी आत्मसमर्पण करने वालों को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये नकद भी दिए गए हैं। कुल मिलाकर आत्मसमर्पण पैकेज की राशि लगभग 1 करोड़ 84 लाख रुपये आंकी गई है।











