ओम बिरला का बड़ा बयान, युवाओं को संविधान से जोड़ने पर दिया जोर

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संविधान दिवस पर कहा कि स्कूल-कॉलेजों में संविधान का अध्ययन बढ़ाना चाहिए। युवाओं को अधिकार, कर्तव्य और मूल्यों की जानकारी हो।
ओम बिरला का बड़ा बयान, युवाओं को संविधान से जोड़ने पर दिया जोर

संविधान दिवस पर मणिपाल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और संविधान इसे एक सूत्र में पिरोता है। उन्होंने नई पीढ़ी को संविधान जानने, अपनाने और उसके मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

जयपुर। मणिपाल यूनिवर्सिटी में संविधान दिवस के मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और विविधताओं को जोड़ने में संविधान की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो हर भारतीय को दिशा और मार्गदर्शन देता है। बिरला ने जोर देकर कहा कि "संविधान को जानो, अपनाओ और जियो" केवल एक संदेश नहीं, बल्कि नागरिक चेतना को मजबूत करने का मार्ग है। 

उन्होंने सुझाव दिया कि संविधान का अध्ययन स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अधिक प्रभावी रूप से शामिल किया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी विरासत, अधिकारों और कर्तव्यों को बेहतर तरीके से समझ सके। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ दिलवाई। इसके साथ ही अतिथियों के साथ मिलकर विश्वविद्यालय के छात्रावास में अत्याधुनिक जिम्नेजियम का उद्घाटन भी किया।

आने वाले भारत में युवाओं की निर्णायक भूमिका

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भविष्य का दशक भारत के युवाओं के नाम लिखा जा रहा है। विश्व समुदाय आज भारतीय युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को एक नई उम्मीद के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक समस्याओं के समाधान में भारत की भूमिका तेजी से बढ़ी है और इसमें युवा सबसे बड़े ऊर्जा स्रोत हैं।

बिरला ने इस बात पर भी जोर दिया कि विकसित देशों की प्रगति में भारतीय युवाओं का योगदान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यही क्षमता भारत को आने वाले वर्षों में वैश्विक नेतृत्व की पंक्ति में खड़ा करेगी। उनके अनुसार नई पीढ़ी को केवल अवसर ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को भी समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए।

संविधान जागरूकता और कर्तव्य–निष्ठा पर जोर

कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान केवल चर्चा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार में उतारना ही उसकी वास्तविक रक्षा है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि संवैधानिक मूल्यों की समझ नागरिक भागीदारी को मजबूत करती है।

स्थानीय विधायक डॉ. कैलाश चंद वर्मा ने युवा शक्ति की भूमिका की सराहना करते हुए स्थानीय विकास कार्यों में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वहीं कुलपति डॉ. नीति निपुण शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट पहचान बना रहे हैं, जो संस्थान की शिक्षा गुणवत्ता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a comment