केंद्र सरकार ने जयपुर की लंबे समय से लंबित उत्तरी रिंग रोड परियोजना को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। लगभग 99 किमी लंबी यह हाई-स्पीड छह लेन रिंग रोड शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करेगी और प्रमुख राष्ट्रीय मार्गों से सीधा कनेक्शन प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
राजस्थान: राजधानी जयपुर को केंद्र सरकार से बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के बाद अब 99.35 किमी लंबी उत्तरी रिंग रोड का रास्ता साफ हो गया है। यह छह लेन हाई-स्पीड रिंग रोड जयपुर जिले की 10 तहसीलों और 140 से अधिक गांवों से होकर गुजरेगी। रिंग रोड तैयार होने के बाद अजमेर, सीकर, दिल्ली और आगरा की दिशा से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक जाम में बड़ी कमी आएगी।
NHAI ने अलाइनमेंट पर तकनीकी प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके बाद भूमि अधिग्रहण सहित अन्य औपचारिकताएँ आगे बढ़ेंगी। इससे पहले दक्षिणी रिंग रोड का 47 किमी हिस्सा 2019 से संचालन में है। नई उत्तरी रिंग रोड उसी स्तर की सुविधाओं के साथ 120 kmph की अधिकतम रफ्तार पर तैयार की जाएगी, जिससे जयपुर के आर्थिक और परिवहन ढांचे में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
10 तहसीलों से होकर बनेगा हाई-स्पीड कॉरिडोर
केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद जयपुर की उत्तरी रिंग रोड परियोजना तेजी पकड़ने जा रही है। यह हाई-स्पीड छह लेन सड़क जयपुर जिले की 10 तहसीलों—चौमूं, मौजमाबाद, सांगानेर, आमेर, जमवारामगढ़, बस्सी, कालवाड़, जालसू, जोबनेर और रामपुरा डाबड़ी के लगभग 140 गांवों से होकर गुजरेगी, जिनमें सबसे अधिक गांव आमेर क्षेत्र के हैं। एनएचएआई ने रिंग रोड के तीन संभावित अलाइनमेंट तैयार कर दिल्ली भेज दिए हैं। दो से तीन सप्ताह में अंतिम डिजाइन को मंजूरी मिलते ही भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रारंभिक कार्य शुरू हो जाएंगे, जिससे परियोजना का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।
अटके प्रोजेक्ट को मिली नई रफ्तार
![]()
उत्तरी रिंग रोड का काम कई वर्षों तक अलाइनमेंट विवाद की वजह से रुका रहा। 2016-17 में प्रक्रिया शुरू हुई और 2021 में इसके 45 किलोमीटर हिस्से को अंतिम रूप भी दे दिया गया था, लेकिन अंतिम समय में निर्णय वापस ले लिया गया। बाद में केंद्र ने इस परियोजना को भारतमाला फेज-2 में शामिल किया, जिससे इसे दोबारा गति मिली।
करीब तीन हजार करोड़ रुपए की लागत वाली यह परियोजना आगरा रोड से दिल्ली रोड होकर चौंप तक बनाई जाने की योजना थी। अब मंजूरी के बाद जमीन अधिग्रहण से लेकर निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया एनएचएआई की निगरानी में पूरी की जाएगी।
10 तहसीलों से जुड़ेंगे 140 गांव
रिंग रोड चौमूं, मौजमाबाद, सांगानेर, आमेर, जमवारामगढ़, बस्सी, कालवाड़, जालसू, जोबनेर और रामपुरा डाबड़ी समेत 10 तहसीलों के 140 गांवों को जोड़ेगी। इसमें आमेर तहसील के सबसे अधिक 26 गांव शामिल होंगे, जबकि जालसू के 21 और जमवारामगढ़ के 25 गांव इसके दायरे में आएंगे।
परियोजना पूरी होने पर जयपुर की दक्षिणी रिंग रोड के साथ मिलकर 147 किलोमीटर की फुल रिंग विकसित होगी। इससे शहर का ट्रैफिक दबाव कम होगा, क्लोवर लीफ इंटरचेंज से यात्रा आसान होगी और आसपास के क्षेत्रों में जमीनों की कीमतों से लेकर पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों तक में तेजी आने की उम्मीद है।
देश में रिंग रोड नेटवर्क का विस्तार
देश में सबसे लंबी रिंग रोड फिलहाल हैदराबाद में है, जिसकी लंबाई 158 किलोमीटर है। जयपुर की उत्तरी रिंग रोड बनने के बाद इसकी कुल रिंग 147 किलोमीटर तक पहुंच जाएगी, जो इसे देश की सबसे बड़ी रिंग रोड परियोजनाओं में शामिल कर देगी।
केंद्र सरकार हैदराबाद में 330 किमी लंबी रीजनल रिंग रोड और बेंगलूरू में 280 किमी की सैटेलाइट रिंग रोड पर भी काम कर रही है। वहीं नागपुर में करीब 148 किमी लंबी नई रिंग रोड बनाने पर विचार जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से देशभर में हाई-स्पीड कनेक्टिविटी का दायरा और व्यापक होगा।











