पाकिस्तान और अफगानिस्तान में शुक्रवार रात को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। पाकिस्तान के मौसम विभाग (पीएमडी गई और इसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में था।
इस्लामाबाद: शुक्रवार रात को एशिया के विभिन्न हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। खास तौर पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भूकंप के झटके जोरदार रहे, जिससे लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। पाकिस्तान के मौसम विभाग (PMD) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई और इसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में था। भूकंप रात 9:13 बजे आया और इसकी गहराई लगभग 190 किलोमीटर थी।
पाकिस्तान में झटके इस्लामाबाद, चित्राल, पेशावर, स्वात और शांगला में महसूस किए गए। इसके अलावा रावलपिंडी, पीओके, गिलगित-बाल्टिस्तान और पंजाब के कई हिस्सों में भी भूकंप का असर देखा गया। पंजाब प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) ने कहा कि लाहौर, मियांवाली, झांग, फैसलाबाद, रावलपिंडी, पोथोहर क्षेत्र और सरगोधा में झटके महसूस किए गए।
जान-माल के नुकसान की अभी तक कोई खबर नहीं
खबरों के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भूकंप के तेज झटकों के बावजूद अभी तक किसी भी जान-माल के नुकसान की रिपोर्ट नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए राहत और सुरक्षा उपायों को सक्रिय किया है। अफगानिस्तान के कई शहरों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते देखे गए।

भारत में भी झटके महसूस
भूकंप का असर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बाहर भारत में भी महसूस किया गया। राजधानी दिल्ली, पंजाब, कश्मीर और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। भारत में भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई। हालांकि भारत में फिलहाल किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लोग भयभीत रहे और सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
पाकिस्तान तीन प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों पर स्थित है – अरब, यूरो-एशियाई और भारतीय प्लेट। ये प्लेटें पांच भूकंपीय क्षेत्रों का निर्माण करती हैं। इन भ्रंश रेखाओं के इंटरसेक्शन के कारण पाकिस्तान में भूकंप की घटनाएं आम हैं। पिछले सप्ताह भी पाकिस्तान में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे गिलगित, स्कर्दू, पट्टन और बालाकोट के इलाकों में झटके महसूस किए गए थे।









