पानीपत के वैसर गांव में युवक सतीश की हत्या मामले में पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला ने पूछताछ में छेड़छाड़ और जबरदस्ती के विरोध में बेटे के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की है।
पानीपत: जिले के वैसर गांव में युवक सतीश की हत्या के मामले में थाना मतलौडा पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपित महिला ने दावा किया कि युवक ने नशे की हालत में उसके साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद विवाद बढ़ने पर बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी गई।
वैसर गांव में युवक की हत्या से फैली सनसनी
पानीपत के वैसर गांव में युवक सतीश की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गांव निवासी मंजीत और उसके बेटे विकास के रूप में हुई है। थाना मतलौडा पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने युवक की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की पिटाई के बाद गला घोटकर हत्या की गई थी। घटना के बाद शव को मकान के बरामदे में डाल दिया गया था। इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई थी।
महिला ने छेड़छाड़ का लगाया आरोप
थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला आरोपित मंजीत ने दावा किया कि सतीश की उससे जान-पहचान थी। उसका पति राजेश लंबे समय से लकवा से पीड़ित है और रात में कम देख पाता है। 25 मई की रात वह पति के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में सो रही थी, जबकि बेटा विकास किसी काम से बाहर गया हुआ था।
महिला का आरोप है कि देर रात सतीश नशे की हालत में कमरे में पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर वह जबरदस्ती करने लगा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान विकास घर पहुंचा और शोर सुनकर कमरे में आया।
पुलिस के मुताबिक, महिला और उसके बेटे ने मिलकर सतीश की पिटाई की। आरोप है कि विकास ने युवक को पकड़कर दीवार पर मारा और बाद में परने से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को नीचे बरामदे में डाल दिया गया।
पुलिस ने शुरू की आगे की जांच
बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया। अदालत ने महिला मंजीत को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि आरोपी विकास को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे अन्य नामजद आरोपितों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की मां राजबाला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका बेटा खेत में पानी देने गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में सूचना मिली कि उसकी हत्या कर शव गांव के ही एक मकान में पड़ा है।
शिकायत में महिला ने मंजीत, उसके बेटे विकास और परिवार के अन्य लोगों पर रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।









