सरकारी जांच में सामने आया कि Wingo गेमिंग ऐप यूजर्स की जानकारी के बिना उनके फोन से फर्जी SMS भेज रही थी। इस संगठित साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए गृह मंत्रालय ने ऐप पर बैन लगाया, सर्वर जियो-ब्लॉक किए और प्रमोशन से जुड़े Telegram चैनल व YouTube वीडियो हटाए गए। समय रहते 1.53 करोड़ फर्जी मैसेज रोके गए।
Wingo App Cyber Fraud Case: भारत सरकार ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले में Wingo नाम की गेमिंग ऐप पर देशभर में बैन लगा दिया है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय और इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की जांच के बाद की गई, जिसमें सामने आया कि ऐप Android यूजर्स के फोन से बिना अनुमति फर्जी SMS भेज रही थी। यह गतिविधि पूरे देश में चल रही थी और आम यूजर्स अनजाने में ठगी का हिस्सा बन रहे थे। डिजिटल सुरक्षा और नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए सरकार ने सर्वर ब्लॉक कर सख्त कदम उठाया।
यूजर्स के फोन से चल रहा था फर्जी SMS नेटवर्क
सरकारी जांच में खुलासा हुआ कि Wingo ऐप यूजर्स की अनुमति के बिना उनके मोबाइल डिवाइस का इस्तेमाल कर रही थी। ऐप के जरिए लाखों फर्जी मैसेज भेजे जा रहे थे, जिनका मकसद दूसरे लोगों को ठगना था।
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि जिन यूजर्स के फोन से ये SMS जा रहे थे, उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। इस तरह आम नागरिक अनजाने में साइबर अपराध का जरिया बनते जा रहे थे।
![]()
I4C अलर्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Android यूजर्स को अलर्ट जारी किया। साथ ही Wingo ऐप के कंट्रोल सर्वर को जियो-ब्लॉक कर दिया गया, ताकि भविष्य में कोई गतिविधि दोबारा शुरू न हो सके।
सरकार ने ऐप को प्रमोट करने वाले चार Telegram चैनलों को भी बंद किया, जिनसे डेढ़ लाख से ज्यादा यूजर्स जुड़े थे। इसके अलावा YouTube पर मौजूद 50 से अधिक प्रमोशनल वीडियो भी हटाए गए।
समय रहते रोका गया बड़ा साइबर फ्रॉड
गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस कार्रवाई से करीब 1.53 करोड़ फर्जी SMS लोगों तक पहुंचने से पहले ही रोक दिए गए। अधिकारियों ने इसे एक संगठित साइबर फ्रॉड बताया और कहा कि डिजिटल सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी था।
सरकार पहले भी संदिग्ध गेमिंग और जुआ ऐप्स के खिलाफ सख्ती दिखा चुकी है। मौजूदा नियमों के तहत अब सिर्फ स्किल-बेस्ड गेम्स और ई-स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म्स को ही कानूनी मंजूरी है।












