पंजाब दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अमृतसर पहुंचीं, जहां वे गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (GNDU) में आयोजित 50वीं गोल्डन जुबली कान्वोकेशन में हिस्सा लेंगी। इस खास अवसर पर राष्ट्रपति छात्रों को डिग्री और मेडल प्रदान करेंगी, जिसमें कुल 463 विद्यार्थियों का नाम शामिल है।
चंडीगढ़: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पंजाब दौरे पर हैं। वे अमृतसर में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) की 50वीं गोल्डन जुबली कान्वोकेशन में हिस्सा लेंगी। उनके आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जीएनडीयू मैनेजमेंट, जिला प्रशासन और राज्य पुलिस ने संयुक्त रूप से सुरक्षा रिहर्सल पूरी कर कार्यक्रम को यादगार बनाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अमृतसर में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च स्तर पर रखा है। कन्वेंशन हाल और परिसर में प्रवेश से पहले सभी लोगों की तलाशी और पहचान की जांच की जा रही है। एसएस परमार की अध्यक्षता में एडीजीपी स्तर की टीम ने कन्वेंशन स्थल पर सुरक्षा मानक, रूट प्लान और रिहर्सल का विस्तृत रिव्यू किया।
वीसी प्रो. डा. करमजीत सिंह, डीसी दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एआईजी परमिंदर सिंह भंडाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। छात्रों और आम लोगों के लिए पास और पहचान दस्तावेज जारी किए गए हैं। मेडल और डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के एडमिशन डॉक्यूमेंट और टैग नंबर भी तय किए गए हैं। पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र को बैरिकेडिंग के साथ सील किया गया है, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो।

कितने छात्र-छात्राओं को मिलेगा सम्मान
इस कान्वोकेशन में कुल 463 विद्यार्थियों को डिग्री और मेडल दिए जाएंगे। इनमें शामिल हैं:
- 74 अंडरग्रेजुएट छात्र
- 102 पोस्टग्रेजुएट छात्र
- 270 पीएचडी डिग्री प्राप्तकर्ता
- 7 मेमोरियल मेडल
इसके अलावा, यूनिवर्सिटी दो प्रसिद्ध हस्तियों को ऑनरेरी डॉक्टरेट प्रदान करेगी। यह अवसर छात्रों, शिक्षकों और आम जनता के लिए गर्व का विषय है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को हरमिंदर साहिब और अकाल तख्त में विशेष स्पष्टीकरण देने वाले हैं, जिसके लिए भी वहां सख्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।












