कर्नाटक की एक विशेष अदालत ने जनता दल सेक्युलर (जदएस) नेता और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में उम्र कैद की सजा सुनाई है।
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा भूचाल लाने वाले दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए गए जनता दल सेक्युलर (JDS) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को विशेष अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह फैसला मामला दर्ज होने के 14 महीने बाद आया है और देशभर में न्यायिक प्रणाली की त्वरित प्रक्रिया का एक उदाहरण बन गया है।
किस मामले में सुनाई गई सजा?
प्रज्वल रेवन्ना पर आरोप था कि उन्होंने अपने पारिवारिक फार्महाउस (हासन जिले के गन्निकाडा में) और बेंगलुरु स्थित अपने घर में एक 48 वर्षीय घरेलू सहायिका के साथ 2021 में दो बार दुष्कर्म किया था। विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट्ट ने 1 अगस्त 2025 को यह फैसला सुनाते हुए रेवन्ना को उम्रकैद की सजा सुनाई।
अदालत में पेश साक्ष्यों के अनुसार, रेवन्ना ने दुष्कर्म की घटनाओं का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था और पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर वह किसी को बताएगी, तो वह यह वीडियो इंटरनेट पर लीक कर देगा।
पीड़िता की गवाही बनी निर्णायक
मामले में पीड़िता की गवाही को सबसे विश्वसनीय और सशक्त साक्ष्य माना गया। विशेष सरकारी वकील अशोक नायक ने बताया कि अभियोजन पक्ष ने कुल 26 गवाहों के बयान दर्ज किए और 180 दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत किए। इसके अलावा, विशेष जांच दल (SIT) ने सितंबर 2024 में 1,632 पृष्ठों का चार्जशीट दाखिल किया था, जिसमें 113 गवाहों के बयान शामिल थे।
रेवन्ना के खिलाफ दुष्कर्म से जुड़े चार मामले दर्ज हैं, जिनमें एक यह है जिसमें उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कर्नाटक और देश भर में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस चल रही है।
कैसे और कब हुआ यह मामला उजागर?
यह मामला 26 अप्रैल 2024 को तब सामने आया जब प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े अश्लील वीडियो वाली एक पेन-ड्राइव कथित रूप से हासन लोकसभा क्षेत्र में चुनावों से ठीक पहले लीक हो गई। इस वीडियो में कुछ आपत्तिजनक क्लिप्स होने का दावा किया गया था, जिसके बाद पीड़िता ने सामने आकर शिकायत दर्ज कराई।प्रज्वल रेवन्ना को 31 मई 2024 को जर्मनी से लौटते वक्त बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तारी होलेनरसीपुरा टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले के आधार पर की गई थी। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रज्वल रेवन्ना, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा के पोते और वरिष्ठ जेडीएस नेता एचडी रेवन्ना के बेटे हैं।