पश्चिम एशिया में इजराइल और अमेरिका के हमलों में ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब मारे जाने का दावा किया गया। अली लारीजानी के बाद यह दूसरा बड़ा झटका है। तनाव बढ़ा, ईरानी नेतृत्व दबाव में है।
Israel US Iran War: पश्चिम एशिया में इजराइल और अमेरिका के साथ युद्ध के बीच ईरान को लगातार बड़े झटके लग रहे हैं। 19 दिनों से जारी इस जंग में ईरान ने एक के बाद एक अपने शीर्ष नेताओं को खो दिया है। अली लारीजानी के बाद अब ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब भी इजराइल के हमलों में मारे जाने का दावा किया गया है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल कार्ट्ज ने कहा कि अब ईरान पर और भी चौंकाने वाली घटनाएं होने वाली हैं।
इस्माइल खातिब की मौत
IDF के हमले में इस्माइल खातिब को ढेर करने का दावा करते हुए इजराइल कार्ट्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उन्होंने इजराइल डिफेंस फोर्सेज को वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों को निशाना बनाने का अधिकार दिया है। कार्ट्ज ने कहा कि खुफिया जानकारी और ऑपरेशनल विंडो मिलने पर किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को बिना किसी अतिरिक्त अनुमति के खत्म किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के बाद सभी मोर्चों पर महत्वपूर्ण चौंकाने वाली घटनाएं देखने को मिलेंगी।
इस्माइल खातिब को मारने के एक दिन पहले मंगलवार को इजराइल ने ईरान के सिक्योरिटी चीफ अली लारीजानी को भी ढेर कर दिया था। लारीजानी की मौत की पुष्टि ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने भी की थी। अब इस्माइल खातिब की मौत के साथ ईरान को दो बड़े झटके लगे हैं। अली लारीजानी ईरान की सुरक्षा नीतियों के प्रमुख चेहरा थे और उन्होंने पश्चिमी देशों के साथ परमाणु वार्ता में भी भाग लिया था। इजराइल ने उन्हें शासन का प्रभावी नेता बताया था। उनके साथ उनके बेटे मोर्तेज़ा लारीजानी और ऑफिस प्रमुख अलिरेज़ा बयात भी मारे गए।
![]()
इस्माइल खातिब कौन थे?
इस्माइल खातिब ईरान के खुफिया मंत्रालय (MOIS) के प्रमुख थे। इजरायली सूत्रों के अनुसार, उनके साथ मंत्रालय के चार अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी ढेर हुए। इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों में अब तक ईरान ने अपने कई सुप्रीम लीडर और वरिष्ठ अधिकारियों को खो दिया है। इस हमले के बाद ईरानी नेतृत्व पर गंभीर दबाव बन गया है और उनकी सैन्य रणनीति प्रभावित हो रही है।
अब तक मारे गए ईरानी शीर्ष नेता
इजराइल और अमेरिका के हमलों में अब तक कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारी मारे जा चुके हैं। इनमें सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई, सुरक्षा सलाहकार अली शामखानी, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपुर, रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह, सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दोलरहीम मुसावी, बसिज फोर्स के कमांडर ग़ोलामरेज़ा सोलेमानी और सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी शामिल हैं। इसके अलावा कई IRGC जनरल, इंटेलिजेंस अधिकारी और परमाणु तथा मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े वैज्ञानिक भी मारे गए हैं।
युद्ध की रणनीति
इजराइल और अमेरिका ने ईरान पर किए जा रहे हमलों में विशेष रणनीति अपनाई है। ये हमले मुख्य रूप से ईरान की सैन्य कमान, मिसाइल अड्डों और नेतृत्व को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं। इस युद्ध में अब तक लगभग 40 वरिष्ठ ईरानी अधिकारी मारे जा चुके हैं। खामेनेई की मौत के बाद लारीजानी और खातिब जैसे नेताओं का मारा जाना ईरानी शासन की रीढ़ को तोड़ने वाला माना जा रहा है।









