महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के लिए अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) भी पूरी तरह तैयार हो गई है और पुणे महानगरपालिका के चुनाव में हिस्सा लेगी। पार्टी ने पुणे नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
Pune Municipal Corporation Election: महाराष्ट्र के नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने पुणे महानगरपालिका चुनाव के लिए पहली सूची में 25 उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं। इस कदम के साथ ही AAP महाराष्ट्र के स्थानीय चुनावी परिदृश्य में एक नया राजनीतिक विकल्प बनकर उभरी है।
AAP ने पुणे महानगरपालिका के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की
AAP ने अपने 25 उम्मीदवारों की सूची प्रभागवार जारी की है। इसमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
- प्रभाग 3 (अ) – शितल कांडेलकर
- प्रभाग 5 (अ) – संतोष काले
- प्रभाग 6 (अ) – श्रद्धा शेट्टी
- प्रभाग 7 (ड) – शंकर थोरात
सूत्रों के अनुसार, पार्टी पुणे महानगरपालिका की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने की योजना बना रही है। AAP ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता स्थानीय मुद्दों और जनता के विकास कार्यों पर आधारित चुनावी रणनीति रहेगी।

शिवाजी पार्क में रैलियों की तैयारी
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद राज्य की सभी बड़ी पार्टियां प्रचार में जुट गई हैं। मुंबई के शिवाजी पार्क में रैलियों के लिए विभिन्न दलों ने आवेदन जमा कर दिए हैं। बीजेपी ने केंद्रीय नेतृत्व के बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई है। मनसे-शिवसेना UBT और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने भी अपने कार्यक्रम के लिए आवेदन किया है।
रैलियों का आयोजन 10 जनवरी से 13 जनवरी तक होने की संभावना है। इन रैलियों में राजनीतिक पार्टियां अपने उम्मीदवारों और चुनावी एजेंडे को जनता के सामने पेश करेंगी। सूत्रों के अनुसार, मनसे की रैली 11 या 12 जनवरी को हो सकती है, जबकि शिवसेना UBT की रैली 12 जनवरी को होने की संभावना है। इस रैली पर सभी की नजरें इसलिए भी टिकी हैं क्योंकि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक मंच पर अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। हालांकि, दोनों नेताओं की संयुक्त रैली के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।











