पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है। इसी बीच मुख्यमंत्री पद के लिए जनता की पहली पसंद को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Punjab Election 2027: पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति और तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच सामने आए एक नए Vote Vibe State Vibe Survey ने मुख्यमंत्री पद की पसंद और संभावित चुनावी मुकाबले को लेकर तस्वीर पेश की है। सर्वे के मुताबिक मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा चेहरा बने हुए हैं।
CM की पहली पसंद में भगवंत मान सबसे आगे
सर्वे में लोगों से पूछा गया कि वे पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना चाहते हैं। इस सवाल पर 40.1 प्रतिशत लोगों ने भगवंत मान का नाम चुना। यानी सर्वे में शामिल लोगों के बीच मान अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से काफी आगे दिखाई दिए। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी 20.6 प्रतिशत समर्थन के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल को 11.7 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद किया।
बीजेपी के केवल सिंह ढिल्लों को 6.1 प्रतिशत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को 5.3 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा इस सवाल में 1.8 प्रतिशत समर्थन के साथ काफी पीछे रहे। सर्वे में 7 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे दिए गए नामों में से किसी को नहीं, बल्कि किसी नए चेहरे को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। वहीं 6.3 प्रतिशत लोगों ने अपनी राय नहीं बताई।
चुनावी पसंद में भी AAP आगे
मुख्यमंत्री पद की पसंद के अलावा सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि यदि अभी चुनाव हों तो वे किस पार्टी या गठबंधन को वोट देना पसंद करेंगे। इस सवाल पर 34 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने आम आदमी पार्टी का समर्थन किया। कांग्रेस 30.2 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रही। बीजेपी को 12.2 प्रतिशत, शिरोमणि अकाली दल को 11.3 प्रतिशत और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को 6.6 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला। करीब 1 प्रतिशत लोगों ने अन्य विकल्प चुना, जबकि 4.7 प्रतिशत मतदाता अभी अनिश्चित बताए गए।
इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि AAP और कांग्रेस के बीच मुकाबला फिलहाल करीबी है। दोनों दलों के बीच वोट पसंद का अंतर करीब चार प्रतिशत अंक का है।
![]()
2027 में किसकी सरकार बनने की उम्मीद?
सर्वे में एक और सवाल पूछा गया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कौन-सी पार्टी जीत सकती है। इस सवाल पर 36.6 प्रतिशत लोगों ने AAP की जीत की संभावना जताई। कांग्रेस को 26.8 प्रतिशत, बीजेपी को 13.6 प्रतिशत और शिरोमणि अकाली दल को 9.6 प्रतिशत लोगों ने संभावित विजेता माना। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के पक्ष में 6.2 प्रतिशत राय सामने आई।
इस तरह वोट देने की इच्छा और चुनाव में जीत की संभावना—दोनों सवालों में AAP सबसे आगे रही। हालांकि कांग्रेस भी मुकाबले में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।
पंजाब में मुद्दे भी तय करेंगे चुनावी तस्वीर
सर्वे के अनुसार पंजाब के मतदाताओं के लिए सिर्फ नेतृत्व ही नहीं, बल्कि राज्य के प्रमुख सामाजिक और आर्थिक मुद्दे भी महत्वपूर्ण हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक ड्रग्स को 25.7 प्रतिशत लोगों ने सबसे बड़ा मुद्दा बताया, जबकि बेरोजगारी और पलायन को 24.3 प्रतिशत लोगों ने प्रमुख चिंता माना। महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे भी मतदाताओं की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
ऐसे में आने वाले महीनों में सरकार के प्रदर्शन, स्थानीय विधायकों की छवि, रोजगार, नशे की समस्या और विपक्ष की एकजुटता जैसे मुद्दे चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।








