राहुल गांधी के जन्मदिन पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राहुल की समावेशी राजनीतिक सक्रियता की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति में सकारात्मक शक्ति बताया।
Akhilesh Yadav Wishes Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 55वें जन्मदिन पर उन्हें देशभर से बधाइयां मिलीं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राहुल गांधी की समावेशी राजनीति में सक्रियता की सराहना की और उनके सामाजिक-राजनीतिक योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं। यह शुभकामना ऐसे समय पर आई है जब उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
राहुल गांधी के 55वें जन्मदिन पर बधाईयां
18 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपना 55वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और देशभर के सहयोगी दलों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक मंचों तक राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देने वालों की लंबी सूची देखी गई।
राहुल गांधी वर्तमान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और कांग्रेस पार्टी के सबसे प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते हैं। हाल ही में संपन्न 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी भूमिका और सक्रियता ने पार्टी को नए राजनीतिक ऊर्जा दी है।
अखिलेश यादव ने खास अंदाज में दी बधाई
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) का सहारा लिया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "श्री राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व सौहार्दपूर्ण, समावेशी, समायोजनकारी समग्र सामाजिक-राजनीतिक सक्रियता के लिए शुभकामनाएँ!"
राहुल-अखिलेश की राजनीतिक दोस्ती
राजनीतिक गलियारों में यह बात किसी से छुपी नहीं है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच एक सहज और सहयोगी रिश्ता रहा है। चाहे 2017 का यूपी विधानसभा चुनाव हो या हालिया 2024 का लोकसभा चुनाव, दोनों नेता कई बार एक ही मंच पर दिखाई दिए हैं।
लोकसभा में भी दोनों नेताओं की बातचीत और समर्थन एक दूसरे के प्रति सहयोग की भावना को दर्शाता है। हालांकि अलग-अलग विचारधाराओं की पार्टियों का साथ आना आसान नहीं होता, लेकिन राहुल और अखिलेश की मित्रता ने दोनों दलों को कई बार एकजुट होकर काम करने का आधार दिया है।
यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन की स्थिति
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन बना हुआ है। 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने इंडिया गठबंधन के तहत एक साथ चुनाव लड़ा और अच्छे परिणाम हासिल किए। सपा राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, वहीं कांग्रेस ने भी छह लोकसभा सीटें जीतकर अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार किया।
लेकिन हाल के हफ्तों में गठबंधन को लेकर कुछ असहमति के स्वर सुनाई दिए हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सार्वजनिक रूप से बयान दिए हैं कि सपा को यूपी में ‘बड़ा भाई’ मानना कांग्रेस के लिए उचित नहीं है। उन्होंने सपा से रिश्तों को लेकर असंतोष भी जताया है।