राजस्थान के मुसाफिरों के लिए सोमवार की रात मुश्किल भरी होने वाली है। परिवहन विभाग की सख्ती और स्लीपर बसों पर लगातार हो रही कार्रवाई के विरोध में प्रदेशभर के निजी बस ऑपरेटर्स ने आर-पार की हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
जयपुर: राजस्थान में सोमवार आधी रात (12 बजे) से 35 हजार निजी बसों के पहिए थमने वाले हैं। प्रदेश के निजी बस ऑपरेटर्स ने परिवहन विभाग की सख्ती और भारी चालान के विरोध में ‘महा-हड़ताल’ का ऐलान किया है। इस हड़ताल का असर 15 लाख से अधिक यात्रियों पर पड़ेगा, जो रोजमर्रा की यात्रा, शादियों या निजी काम-काज के लिए इन बसों पर निर्भर हैं।
हड़ताल की वजह: चालान और छत से लगेज करियर हटाने का फरमान
राजस्थान के निजी बस ऑपरेटर्स का आरोप है कि परिवहन विभाग आरटीओ की कार्रवाई के नाम पर उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। मुख्य मुद्दे हैं:
- आरसी सस्पेंड करना और भारी चालान काटना – कई बसों और ऑपरेटर्स के खिलाफ लाखों रुपये के चालान लगाए जा रहे हैं।
- छत से लगेज करियर हटाने का फरमान – ग्रामीण इलाकों और लंबी दूरी की यात्राओं में यात्री अपना सामान छत पर रखते हैं। बस ऑपरेटर्स का कहना है कि इससे ऑपरेटर्स और यात्रियों दोनों को भारी परेशानी होगी।
राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि यह फरमान यात्रियों और ऑपरेटर्स दोनों के लिए अव्यवहारिक और कठिनाइयों भरा है।
पीएम की रैली और टैक्सी ऑपरेटर्स पर असर
हड़ताल की गंभीरता को इसी बात से समझा जा सकता है कि ऑपरेटर्स ने अजमेर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की रैली के लिए बसें उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया है। इसके अलावा, राज्य के टैक्सी ऑपरेटर्स ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है। इसका मतलब है कि शहरों के भीतर आम आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।
![]()
यात्रियों और आम जनता पर असर
हड़ताल का सबसे बड़ा असर उन लोगों पर होगा जो रोजमर्रा की यात्रा के लिए इन बसों पर निर्भर हैं। इसके अलावा:
- सीमाओं पर फंसी बसें – गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आने वाली बसें राजस्थान की सीमा पर ही खड़ी रहेंगी।
- शादियों का सीजन – बारात और शादी-ब्याह के कार्यक्रमों में बसें बुक कराने वाले परिवारों को अब परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
- मजदूर और छात्र – रोज काम पर जाने वाले मजदूर और घर लौटने वाले छात्र अब रोडवेज और सीमित परिवहन विकल्पों पर निर्भर होंगे।
निजी बस ऑपरेटर्स ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और परिवहन विभाग उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता, और चालान व आरसी सस्पेंशन की कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन भी हो सकता है। हालांकि फिलहाल, सोमवार रात से राजस्थान की सड़कें निजी बसों के लिए लगभग सूनी रहने वाली हैं।












