रतलाम में शिक्षक के ट्रांसफर के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र, बोले- राठौर सर लौटेंगे तभी स्कूल जाएंगे

रतलाम में शिक्षक बद्रीलाल राठौर के ट्रांसफर के विरोध में छात्र कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ट्रांसफर रद्द होने तक स्कूल नहीं जाने की चेतावनी दी।
रतलाम में शिक्षक के ट्रांसफर के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र, बोले- राठौर सर लौटेंगे तभी स्कूल जाएंगे

रतलाम के रूपनगर प्राथमिक विद्यालय के छात्रों ने शिक्षक बद्रीलाल राठौर के तबादले का विरोध करते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। बच्चों ने ट्रांसफर रद्द होने तक स्कूल नहीं जाने की चेतावनी दी।

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक सरकारी स्कूल के छात्रों ने अपने प्रिय शिक्षक बद्रीलाल राठौर के ट्रांसफर के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। अभिभावकों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे बच्चों ने शिक्षक की वापसी की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनका तबादला रद्द नहीं होगा, वे स्कूल नहीं जाएंगे।

शिक्षक के ट्रांसफर के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

रतलाम जिले के रूपनगर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के करीब 40 छात्र अपने अभिभावकों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और शिक्षक बद्रीलाल राठौर का तबादला रद्द करने की मांग की। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और स्पष्ट कहा कि जब तक राठौर सर की स्कूल में वापसी नहीं होगी, तब तक वे कक्षाओं में नहीं जाएंगे।

रतलाम में शिक्षक के ट्रांसफर के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र, बोले- राठौर सर लौटेंगे तभी स्कूल जाएंगे

प्रदर्शन के दौरान बच्चों की भावनाएं साफ दिखाई दीं। कई छात्रों ने बताया कि राठौर सर ने उन्हें पढ़ाई के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास भी सिखाया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में विदाई समारोह के दौरान कई बच्चे भावुक होकर रोते हुए भी दिखाई दिए।

अभिभावकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

जनसुनवाई के दौरान प्रदर्शनकारी छात्र और अभिभावक कलेक्टर मिशा सिंह से मिलने पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ब्रजेंद्र रावत ने उनकी बात सुनी और पूरे मामले की जानकारी ली।

अभिभावकों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि आठ दिनों के भीतर शिक्षक का ट्रांसफर निरस्त नहीं किया गया तो वे कलेक्टर कार्यालय परिसर में टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। उनका कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

ग्रामीणों ने गिनाए शिक्षक के योगदान

ग्रामीणों और अभिभावकों के अनुसार बद्रीलाल राठौर ने अपने निजी संसाधनों से स्कूल में कई आवश्यक सुविधाएं विकसित कराईं। उनके प्रयासों से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल बेहतर हुआ और बच्चों की गणित व अंग्रेजी जैसे विषयों में उल्लेखनीय प्रगति हुई।

बताया गया कि विद्यालय में लगभग 65 छात्र अध्ययनरत हैं। राठौर का तबादला 30 जून को प्रशासनिक कारणों से पिपलोदा क्षेत्र के सेमलिया गांव कर दिया गया था, जबकि संबंधित संकुल में कुल 75 शिक्षक कार्यरत हैं। इसी कारण स्थानीय लोगों ने ट्रांसफर पर सवाल उठाए हैं।

प्रशासन ने समाधान का दिया भरोसा

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ब्रजेंद्र रावत ने कहा कि छात्रों और अभिभावकों की मांग को गंभीरता से लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जा रही है और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

Leave a comment