RBI ने 5,673 पुराने सर्कुलर किए रद्द: जानें आम लोगों और बैंकों पर क्या होगा असर

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 5,673 पुराने सर्कुलर रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले का सीधा असर बैंकों, लोन, KYC और आम बैंक खाताधारकों पर पड़ सकता है।
RBI ने 5,673 पुराने सर्कुलर किए रद्द: जानें आम लोगों और बैंकों पर क्या होगा असर

भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए 5,000 से अधिक पुराने सर्कुलर रद्द कर दिए हैं। RBI के मुताबिक ये सर्कुलर वर्ष 1944 से लागू थे, जिनकी अब कोई उपयोगिता नहीं रह गई थी। इसके अलावा 9,000 से ज्यादा सर्कुलरों को समेटकर 244 मास्टर गाइडलाइन में तब्दील किया गया है।

बिसनेस न्यूज़: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकिंग प्रणाली को सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। केंद्रीय बैंक ने 5,673 पुराने सर्कुलर औपचारिक रूप से रद्द कर दिए हैं, जिनमें से कई नियम 1944 से लागू थे। इसके साथ ही RBI ने करीब 9,000 पुराने सर्कुलरों को समेकित करके 244 नई मास्टर गाइडलाइन के रूप में जारी किया है।

इस सुधार का उद्देश्य बैंकों, वित्तीय संस्थानों और आम उपभोक्ताओं के लिए नियमों को सरल, स्पष्ट और एकीकृत बनाना है। RBI के डिप्टी गवर्नर एस. सी. मुर्मू ने इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए कहा कि अब बैंकों को अलग-अलग सर्कुलर ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि सभी महत्वपूर्ण नियम अब एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।

क्यों रद्द किए गए 5,673 पुराने सर्कुलर?

RBI अधिकारियों ने वर्षों पुराने हजारों सर्कुलर्स की विस्तृत समीक्षा की। इस जांच के बाद पाया गया कि बड़ी संख्या में ऐसे नियम थे जो:

  • वर्तमान बैंकिंग सिस्टम के लिए अप्रासंगिक हो चुके थे
  • डिजिटल बैंकिंग और आधुनिक फाइनेंस से मेल नहीं खाते थे
  • एक-दूसरे से दोहराव या भ्रम पैदा कर रहे थे

इसी कारण से RBI ने 1944 से चले आ रहे हजारों सर्कुलरों को औपचारिक रूप से रद्द कर दिया और उन्हें सीमित संख्या में 244 मास्टर गाइडलाइन में समेकित कर दिया।

244 मास्टर गाइडलाइन से क्या बदलेगा?

RBI की नई मास्टर गाइडलाइंस अलग-अलग बैंकिंग क्षेत्रों को कवर करती हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • लोन और क्रेडिट पॉलिसी
  • डिजिटल बैंकिंग और साइबर सिक्योरिटी
  • गवर्नमेंट सिक्योरिटीज से जुड़े नियम
  • ग्राहक सुरक्षा और शिकायत निवारण
  • भुगतान प्रणाली और UPI से जुड़े दिशा-निर्देश

इन गाइडलाइंस के लागू होने से बैंकों की कंप्लायंस प्रक्रिया आसान होगी, जिससे वे नियमों का बेहतर तरीके से पालन कर सकेंगे। साथ ही, इससे नियामकीय अस्पष्टता (Regulatory Ambiguity) भी खत्म होगी।

RBI ने 5,673 पुराने सर्कुलर किए रद्द: जानें आम लोगों और बैंकों पर क्या होगा असर

आम लोगों पर क्या होगा असर?

RBI के इस बड़े फैसले का प्रभाव सिर्फ बैंकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर आम ग्राहकों और निवेशकों पर भी पड़ेगा। डिप्टी गवर्नर एस. सी. मुर्मू के अनुसार, सरकारी प्रतिभूतियों (Government Securities) से जुड़े लोन नियमों में बदलाव किया गया है। ऐसे में जो लोग इन सिक्योरिटीज में निवेश करते हैं या इनके बदले लोन लेते हैं, उन्हें नए नियमों के अनुसार अपनी रणनीति बनानी होगी। RBI ने डिजिटल बैंकिंग के लिए अलग से 7 मास्टर गाइडलाइन जारी की हैं। इसका असर:

  • UPI यूज़र्स
  • मोबाइल बैंकिंग ग्राहक
  • नेट बैंकिंग और डिजिटल वॉलेट उपयोग करने वालों

सभी पर पड़ेगा। इससे साइबर सुरक्षा मजबूत होने और धोखाधड़ी के मामलों में कमी आने की उम्मीद है।  नियमों के सरल होने से बैंकों की निर्णय प्रक्रिया तेज होगी, जिससे लोन अप्रूवल, शिकायत निवारण और अन्य सेवाएं पहले से अधिक सुचारु और पारदर्शी होंगी।

पहली बार किया गया इतना बड़ा नियामकीय सुधार

RBI के इतिहास में यह पहला मौका है जब इतनी बड़ी संख्या में सर्कुलर्स को एक साथ रद्द कर उन्हें मास्टर गाइडलाइंस में बदला गया है। डिप्टी गवर्नर ने बताया कि:

  • अक्टूबर में RBI ने पहले 238 मास्टर गाइडलाइन का मसौदा (Draft) जारी किया था
  • अब 244 फाइनल मास्टर गाइडलाइन जारी कर दी गई हैं

हालांकि RBI ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि भविष्य में इस तरह की और समीक्षा कब की जाएगी, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि इसे निरंतर प्रक्रिया के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a comment