रिमी सेन: करियर के पीक पर छोड़ा बॉलीवुड, अब कर रही ऐसा काम जिसे सुनकर हर कोई हैरान

रिमी सेन: करियर के पीक पर छोड़ा बॉलीवुड, अब कर रही ऐसा काम जिसे सुनकर हर कोई हैरान

लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक रिमी सेन ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। अक्षय खन्ना की कॉमेडी फिल्म ‘हंगामा’ से उन्होंने शुरुआत की और अपनी मासूमियत, नैचुरल एक्टिंग और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों के दिलों में जगह बना ली। 

एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड की चमक-दमक भरी दुनिया में कामयाबी जितनी जल्दी मिलती है, उतनी ही जल्दी हाथ से फिसल सकती है। कुछ चेहरे वर्षों के संघर्ष के बाद पहचान बनाते हैं, तो कुछ सितारे बहुत कम समय में शोहरत की ऊंचाइयों तक पहुंच जाते हैं। लेकिन असली हैरानी तब होती है, जब कोई अभिनेत्री करियर के पीक पर खुद ही इस चमक-दमक से दूर जाने का फैसला कर ले।

2000 के दशक में ऐसी ही एक अभिनेत्री थीं रिमी सेन, जिनकी मौजूदगी लगभग हर बड़ी फिल्म में नजर आती थी। अचानक उन्होंने लाइमलाइट छोड़ दी और फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। आज रिमी सेन ने अपनी जिंदगी में नई राह चुनी है और वह ऐसा काम करती हैं, जिसके बारे में शायद आपने सोचा भी नहीं होगा।

स्टारडम की तेज रफ्तार उड़ान

रिमी सेन ने साल 2003 में ‘हंगामा’ से बॉलीवुड में कदम रखा। उनकी एक्टिंग और नैचुरल कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें रातोंरात पहचान दिला दी। इसके बाद उन्होंने सलमान खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन और जॉन अब्राहम जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। रिमी की प्रमुख फिल्मों में शामिल हैं:

  • बागबान
  • धूम
  • गरम मसाला
  • क्यों की
  • फिर हेरा फेरी
  • गोलमाल: फन अनलिमिटेड
  • जॉनी गद्दार

इन फिल्मों में उन्होंने कॉमिक और रोमांटिक किरदारों के माध्यम से दर्शकों के दिल में अपनी जगह बनाई। 2000 के दशक में जब प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ जैसी अभिनेत्रियां इंडस्ट्री में कदम रख रही थीं, रिमी पहले से ही टॉप लीग में गिनी जाती थीं।

अचानक लिया फिल्मों से दूरी का फैसला

करियर अपने शिखर पर होने के बावजूद रिमी ने फिल्मों से दूरी बनाने का फैसला किया। करीब आठ साल तक लगातार काम करने के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ने का निर्णय लिया। रिमी ने एक इंटरव्यू में बताया कि लगातार एक जैसे कॉमिक किरदार निभाने के कारण उन्हें काम में चुनौती नहीं मिल रही थी। उनके अनुसार, उन्होंने शुरुआत ही टॉप ब्रैकेट से की थी, इसलिए आगे बढ़ने की गुंजाइश कम महसूस हुई। इस वजह से उन्होंने अपने करियर को नियंत्रित तरीके से खत्म करने का फैसला किया।

हाल ही में एक पॉडकास्ट में रिमी सेन ने बॉलीवुड पर बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री पुरुष प्रधान है, जहां पुरुष सितारों का करियर दशकों तक चलता है, जबकि महिलाओं का समय सीमित होता है। रिमी के शब्दों में, आज भी शाहरुख खान और सलमान खान जैसे अभिनेता 30 सालों से इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं, लेकिन उनके साथ काम करने वाली हीरोइन्स या तो सपोर्टिंग रोल कर रही हैं या उम्र के हिसाब से मां की भूमिकाओं में नजर आ रही हैं।

इसी सच्चाई को देखते हुए रिमी ने पहले ही तय कर लिया था कि वे एक्टिंग से जितना हो सके उतना कमाएंगी और फिर सुरक्षित रास्ता अपनाएंगी। अभिनय से दूरी बनाने के बाद रिमी ने प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने फिल्म ‘बुधिया सिंह: बॉर्न टू रन’ का निर्माण किया, जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। इसके साथ ही रिमी ने खुद को बिजनेसवुमन के रूप में स्थापित किया। उन्होंने आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी और बॉलीवुड से दूर होकर दुबई में रियल एस्टेट बिजनेस में कदम रखा। आज वह रियल एस्टेट एजेंट के तौर पर काम करती हैं और इवेंट्स और प्रोडक्शन में भी सक्रिय हैं।

Leave a comment