सलमान खान की आने वाली फिल्म की घोषणा पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ के नाम से की गई थी, लेकिन इस साल की शुरुआत में इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया। फिल्म की कहानी 2020 में भारत और चीन के बीच हुए सैन्य टकराव की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
Salman Khan Maatrubhumi: सलमान खान की बहुप्रतीक्षित वॉर-ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को सिनेमाघरों तक पहुंचने की दिशा में बड़ी मंजूरी मिल गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के संशोधित वर्जन को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल गया है। हालांकि, फिल्म को अभी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से प्रमाणपत्र मिलना बाकी है। इसलिए इसकी थिएट्रिकल रिलीज को फिलहाल पूरी तरह आधिकारिक नहीं माना जा सकता।
फिल्म को पहले 'बैटल ऑफ गलवान' के नाम से घोषित किया गया था। इसकी कहानी 2020 में भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुए सैन्य टकराव की पृष्ठभूमि से जुड़ी थी। बाद में फिल्म का नाम बदलकर 'मातृभूमि' कर दिया गया। फिल्म के विषय और चीन के चित्रण को लेकर लंबे समय से चर्चा और देरी की खबरें सामने आती रही हैं।
NOC मिलने के बाद क्या बदला?
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म के निर्माताओं ने अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद इसका संशोधित वर्जन तैयार किया। नए वर्जन को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों की ओर से मंजूरी मिलने की बात कही गई है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म के मूल वर्जन की तुलना में काफी बदलाव किए गए हैं। संशोधित फिल्म में भारत और चीन के संबंधों को पहले की तुलना में अधिक सकारात्मक संदर्भ में दिखाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से फिल्म में किए गए सभी बदलावों का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि फिल्म की कहानी एक संवेदनशील सैन्य और भू-राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ी है। इससे पहले रिपोर्टों में कहा गया था कि फिल्म के चीन संबंधी कंटेंट को लेकर अधिकारियों की ओर से चिंताएं सामने आई थीं।
क्या 13 नवंबर को रिलीज होगी 'मातृभूमि'?

NOC मिलने के बाद अब फिल्म की संभावित रिलीज डेट को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 की तारीख पर विचार किया जा रहा है। यह दिवाली के बाद का समय होगा। हालांकि, यह तारीख अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुई है। रिपोर्टों के अनुसार, मेकर्स जल्द ही फिल्म को CBFC के पास प्रमाणन के लिए भेज सकते हैं।
अगर सर्टिफिकेशन प्रक्रिया समय पर पूरी होती है, तभी नवंबर में रिलीज की योजना आगे बढ़ सकती है। इसलिए फिलहाल 'मातृभूमि' को लेकर दो महत्वपूर्ण चरण बाकी हैं—CBFC सर्टिफिकेशन और आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा।
फिल्म में सलमान खान के साथ कौन-कौन?
'मातृभूमि' का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म में सलमान खान मुख्य भूमिका में हैं, जबकि चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्माण सलमान खान के प्रोडक्शन बैनर के तहत किया गया है। फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी इसकी कहानी और लंबे समय से चल रही रिलीज संबंधी अनिश्चितता की वजह से बनी हुई है। शुरुआत में 'बैटल ऑफ गलवान' के नाम से घोषित इस प्रोजेक्ट ने बाद में 'मातृभूमि' के रूप में नया रूप लिया।










