स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के 100 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रेजुएशन और दो साल के अनुभव वाले उम्मीदवार 2 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
नई दिल्ली: SBI Recruitment 2026 के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस भर्ती अभियान में कुल 100 रिक्त पदों को भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी है और इच्छुक उम्मीदवार 2 जून 2026 तक फॉर्म जमा कर सकते हैं। भर्ती के लिए स्नातक डिग्री के साथ दो साल का कार्यानुभव अनिवार्य रखा गया है।
ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन जारी
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है। भर्ती अभियान के तहत कुल 100 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 2 जून 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
ग्रेजुएशन और अनुभव दोनों जरूरी
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ग्रेजुएट होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो वर्ष का कार्यानुभव भी मांगा गया है।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 23 वर्ष और अधिकतम उम्र 32 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। ओबीसी वर्ग को तीन वर्ष, एससी-एसटी उम्मीदवारों को पांच वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी।
चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा आकर्षक वेतन
एसबीआई के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 64,820 रुपये से लेकर 93,960 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। आवेदन SBI Careers Portalप्रक्रिया के दौरान जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को फीस में छूट दी गई है।
उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन के लिए पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर दस्तावेज अपलोड करें और फीस जमा करने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।








