श्रावस्ती में नेपाल से लड़कियों की तस्करी का भंडाफोड़, 4 नेपाली लड़कियां रेस्क्यू

श्रावस्ती में नेपाल से मानव तस्करी का खुलासा, पुलिस और SSB ने दो तस्करों को पकड़ा और चार नेपाली लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
श्रावस्ती में नेपाल से लड़कियों की तस्करी का भंडाफोड़, 4 नेपाली लड़कियां रेस्क्यू

श्रावस्ती में नेपाल सीमा से मानव तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस और SSB ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर चार नेपाली लड़कियों को रेस्क्यू किया। नौकरी का झांसा देकर उन्हें गलत धंधे में धकेलने की तैयारी थी।

Uttar pradesh: श्रावस्ती जिले में नेपाल-भारत सीमा से सटे इलाके में मानव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि दो तस्कर नेपाल से चार नेपाली लड़कियों को रात के अंधेरे में जंगल के रास्ते भारत ला रहे हैं। सूचना मिलते ही SSB और पुलिस अलर्ट हो गई और तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।

जैसे ही संदिग्धों की आहट मिली, सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर घबरा गए और मोटरसाइकिल छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी के चलते दोनों को पकड़ लिया गया। मौके से चार नेपाली लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

जिस्मफरोशी में धकेलने की तैयारी

पुलिस पूछताछ में तस्करों ने कबूल किया कि लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा में काम दिलाने का झांसा दिया गया था। असल में उन्हें जिस्मफरोशी के धंधे में उतारने की योजना थी। रेस्क्यू के समय लड़कियां बेहद डरी हुई थीं और जोर-जोर से रो रही थीं।

मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और रेस्क्यू टीम ने उनकी काउंसिलिंग की। काफी देर बाद लड़कियां शांत हुईं और उन्होंने पूरी आपबीती पुलिस को बताई। यह कार्रवाई 31 जनवरी की रात की है, जिसका खुलासा पुलिस ने रविवार को किया।

खुफिया सूचना के बाद बनाई गई रणनीति

31 जनवरी को SSB और पुलिस के बीच सीमा समन्वय बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में नेपाल-भारत बॉर्डर पर हो रही मानव तस्करी पर रोक लगाने को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में सिरसिया थाना के सब-इंस्पेक्टर दीपक गिरि भी शामिल थे।

श्रावस्ती में नेपाल से लड़कियों की तस्करी का भंडाफोड़, 4 नेपाली लड़कियां रेस्क्यू

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चार नेपाली लड़कियों को मोटरसाइकिल से जंगल के रास्ते भारत ला रहे हैं। तुरंत एनजीओ और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को अलर्ट किया गया और संयुक्त कार्रवाई की योजना बनी। पुलिस टीम ने गुज्जर गौरी सीमा क्षेत्र के भचकाही गांव के आगे जंगल मार्ग पर घेराबंदी की, जहां तस्कर पकड़े गए।

मानव तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिराम यादव और रामरूप के रूप में हुई है। दोनों श्रावस्ती जिले के थाना सिरसिया क्षेत्र के बभनी कुकुरभुकवा गांव के निवासी हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नेपाल सीमा से मानव तस्करी का संगठित नेटवर्क चला रहे थे।

आरोपियों के पास से 2 मोटरसाइकिल, 1 आधार कार्ड और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस ने रेस्क्यू की गई लड़कियों को एक NGO के सुपुर्द कर दिया है। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके घर भेजा जाएगा। पुलिस उनके बयान दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

एसपी राहुल भाटी ने कहा कि मानव तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।

Leave a comment