बॉलीवुड और साउथ इंडियन सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रिया सरन ने खुद को सिर्फ साउथ की एक्ट्रेस कहे जाने पर प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में रिलीज हुई सीरीज ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ को लेकर सुर्खियों में आईं श्रिया ने कहा कि उनका करियर केवल किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: अभिनेत्री श्रिया सरन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर सुर्खियों में हैं। उत्तराखंड में जन्मी और हिंदी भाषी परिवार में पली-बढ़ी श्रिया ने साउथ इंडियन सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई है। खास बात यह है कि उन्होंने साउथ की फिल्मों में उस दौर में काम शुरू किया, जब उन्हें तमिल और तेलुगु भाषा का ज्ञान नहीं था। करीब 25 साल के लंबे करियर में श्रिया ने हिंदी सिनेमा में भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। हाल ही में उन्होंने खुद को ‘साउथ इंडियन एक्ट्रेस’ कहे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया और विचार साझा किए हैं।
हरिद्वार से साउथ तक का सफर

श्रिया सरन का जन्म उत्तराखंड के हरिद्वार में हुआ और वे हिंदी भाषी परिवार में पली-बढ़ी। उन्होंने अपने शुरुआती सालों का बड़ा हिस्सा हरिद्वार में बिताया और फिर दिल्ली में कथक की शिक्षा प्राप्त की। 17 साल की उम्र में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। श्रिया ने कहा, "मेरे लिए एक्टिंग की शुरुआत करना और दिल्ली से साउथ इंडस्ट्री में जाना बहुत बड़ा कदम था। मेरे पापा इंजीनियर हैं और मां अध्यापिका। यह मेरे परिवार के लिए भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मुझे लगा कि यही मेरा सपना है।
श्रिया ने साउथ इंडियन फिल्मों में काम करते हुए नई भाषाएँ सीखीं और सेट पर काम करने का अनुभव प्राप्त किया। उन्होंने साझा किया, साउथ इंडस्ट्री ने मुझे जिस प्यार और सम्मान से अपनाया, वह मेरे लिए बहुत खास है। मेरा दिल सच में साउथ इंडियन है। वहां से मैंने जीवन के लिए कई महत्वपूर्ण सबक सीखे।श्रिया का मानना है कि सफलता और पहचान खुद पर विश्वास और सीखने की निरंतर प्रक्रिया से आती है।
उन्होंने कहा, मैंने जो सीखा, उससे यह समझ आया कि आप वही हैं जो आप खुद को मानते हैं। जीवन में आगे बढ़ते रहना और सीखते रहना ही सबसे महत्वपूर्ण है।
करियर की झलक
श्रिया सरन ने 2001 में तेलुगु फिल्म ‘इष्टम’ से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘छत्रपति’, ‘शिवाजी’, ‘पोक्किरी राजा’, और ‘मनम’ जैसी तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम किया। साउथ इंडस्ट्री में अपने सफल करियर के बावजूद श्रिया ने हिंदी फिल्मों में भी लगातार सक्रियता दिखाई। वह विशेष रूप से ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी में अपनी भूमिका के लिए जानी जाती हैं।
इस साल 23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई वेब सीरीज ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा, वह साल के अंत में ‘दृश्यम 3’ में बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार हैं।







