SIR-EVM पर बकवास बंद करो: बिहार चुनाव के नतीजों के बाद ओवैसी ने विपक्ष को सुनाई खरी-खोटी

बिहार चुनाव 2025 के नतीजों के बाद AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्ष पर हमला किया। जानिए उन्होंने SIR-EVM विवाद को लेकर क्या कहा और राजनीतिक हलचल।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस बीच एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने महागठबंधन और विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ईवीएम या SIR-EVM पर बहस छोड़कर अपनी कमजोरियों पर ध्यान देना चाहिए। 

SIR-EVM: बिहार चुनाव के नतीजों में एनडीए ने प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की है, जबकि महागठबंधन सरकार बनाने के आंकड़ों के आसपास भी नहीं दिख रहा है। इस बीच AIMIM ने पांच सीटों पर अपनी ताकत का परचम लहराया है। बिहार चुनाव में विपक्ष के अप्रत्याशित नतीजों को लेकर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने महागठबंधन पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया में ओवैसी ने कहा कि विपक्ष को यह सोचना चाहिए कि आखिर वह बीजेपी को क्यों रोक नहीं पा रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार में महागठबंधन की हार का कारण SIR-EVM बताया, जिस पर ओवैसी ने कहा, "कब तक आप SIR-EVM पर बकवास बातें करेंगे?

ओवैसी ने विपक्ष को दी सख्त चेतावनी

चुनाव नतीजों की समीक्षा करते हुए ओवैसी ने कहा,

'कब तक आप SIR-EVM पर बकवास करते रहेंगे। विपक्ष को यह देखना चाहिए कि आखिर क्यों वे बीजेपी को रोक नहीं पा रहे हैं। अगर आप यह सोचते रहेंगे कि हम राजा हैं और वोटर हमारी प्रजा है, तो वह जमाना चला गया है। जनता आपको वोट नहीं देगी।'

ओवैसी ने स्पष्ट किया कि महागठबंधन को अपने चुनावी रणनीति और नेतृत्व पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है, बजाय इसके कि वे मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते रहें। उनका मानना है कि ईवीएम या तकनीकी बहसों में उलझने से वास्तविक चुनावी कमजोरियों को नहीं सुधारा जा सकता।

AIMIM की बिहार में स्थिति और जीत

बिहार में एआईएमआईएम ने कुल पांच सीटों पर जीत हासिल की है। ओवैसी ने इस सफलता को सीमांचल क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता और जनता के समर्थन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी बिहार की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का स्वागत करती है। हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हैं और अपनी शुभकामनाएं देते हैं।

इस जीत के साथ, एआईएमआईएम ने साबित किया कि छोटे लेकिन प्रभावशाली क्षेत्रीय दल भी राज्य राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ओवैसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के साथ सहयोग करेगी। उन्होंने कहा, हमारा ध्यान बाल मृत्यु दर को कम करने, महिलाओं और बच्चों के लिए स्कूल, अस्पताल, पुल और उद्योग बनाने पर रहेगा। इस प्रयास में हम पूरी तरह से सहयोग देंगे।

ओवैसी ने यह भी याद दिलाया कि पार्टी ने पहले चुनाव में हार और 2022 में विरोधियों द्वारा चार विधायकों को लालच देकर विभाजन की साजिश के बावजूद सीमांचल से पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि पार्टी की पांच सीट जीत ने पूरे अल्पसंख्यक समाज को संदेश दिया है कि संघर्ष जारी रहना चाहिए।

Leave a comment