मेक्सिको में स्क्रूवर्म पैरासाइट के मामले 5086 तक पहुँच गए। ज्यादातर गायों में, कुछ इंसानों और अन्य जानवरों में। गर्मी और यात्रा संक्रमण फैलाने में तेजी ला रहे हैं। रोकथाम के लिए तुरंत इलाज और स्टेराइल मक्खियां जरूरी।
Mexico: मेक्सिको में जिंदा इंसानों और जानवरों का मांस खाने वाला स्क्रूवर्म पैरासाइट तेजी से फैल रहा है। 17 अगस्त 2025 तक 5,086 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पिछले महीने की तुलना में 53 प्रतिशत अधिक हैं। इनमें से 649 मामले अभी भी सक्रिय हैं। यह स्थिति पशुपालन उद्योग और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। ज्यादातर मामले गायों में पाए गए हैं, लेकिन कुत्ते, घोड़े और भेड़ भी संक्रमित हुए हैं। इंसानों में भी 41 मामले सामने आए हैं।
स्क्रूवर्म क्या है और कैसे फैलता है?
स्क्रूवर्म या New World Screwworm एक ऐसा पैरासाइट है, जो गर्म खून वाले जीवों के घावों में अंडे देता है। अंडे फूटने पर लार्वा निकलते हैं, जो मांस में घुसकर उसे खाते हैं। इन लार्वाओं का मुंह हुक जैसा होता है और मांस में पेंच की तरह प्रवेश करता है। घाव का आकार बढ़ता है और अगर समय पर इलाज न हो तो जानवर या इंसान की मौत भी हो सकती है।
मादा मक्खियां घाव, नाक, आंख या मुंह के पास अंडे देती हैं। गर्म मौसम में ये मक्खियां तेजी से प्रजनन करती हैं और संक्रमण तेजी से फैलता है। 2023 से यह प्रकोप मध्य अमेरिका (पनामा, कोस्टा रिका, होंडुरास, ग्वाटेमाला) से शुरू होकर मेक्सिको में फैल गया और अब यह अमेरिका की सीमा तक पहुंच चुका है।
हालात की गंभीरता और बढ़ोतरी के आंकड़े
मेक्सिको सरकार के आंकड़ों के अनुसार जुलाई तक मामलों की संख्या कम थी, लेकिन अगस्त में 53 प्रतिशत बढ़ गई। कुल 5,086 मामलों में से 649 सक्रिय हैं। ज्यादातर मामले दक्षिणी मेक्सिको के चियापास राज्य में हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम और पशु व्यापार के कारण संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
नील विल्किंस, ईस्ट फाउंडेशन के CEO का कहना है कि इतनी तेजी से मामलों का बढ़ना चिंताजनक है और संकेत देता है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में नहीं है।
स्क्रूवर्म का पशु और मानव स्वास्थ्य पर असर
स्क्रूवर्म पैरासाइट जानवरों के घावों को बढ़ाकर उन्हें कमजोर करता है और पशुधन उद्योग को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। अमेरिका के टेक्सास राज्य में अगर यह फैलता है तो 1.8 अरब डॉलर तक का नुकसान हो सकता है। इंसानों में यह दुर्लभ लेकिन घातक है। मेक्सिको में 41 इंसान संक्रमित पाए गए, जिनमें ज्यादातर चियापास के निवासी हैं। अमेरिका में पहला मानव मामला 4 अगस्त 2025 को दर्ज किया गया, जो एल साल्वाडोर से लौटे व्यक्ति से जुड़ा था।
अर्थव्यवस्था पर असर
स्क्रूवर्म के फैलाव के कारण पशु निर्यात बाधित हुआ है। मेक्सिको में पिछले साल इसका अनुमानित आर्थिक नुकसान 1.3 अरब डॉलर रहा। अमेरिका में पशुधन गतिविधियों पर 100 अरब डॉलर का खतरा मंडरा सकता है। इससे बचने के लिए मेक्सिको और अमेरिका ने सुरक्षा उपायों को तेज किया है।
रोकथाम और इलाज के उपाय
स्क्रूवर्म का इलाज समय पर घाव साफ करना, लार्वा निकालना और एंटीबायोटिक्स देना है। अगर देर हो जाए तो संक्रमण घातक साबित हो सकता है। रोकथाम के लिए सबसे प्रभावी तकनीक Sterile Insect Technique (SIT) है। इसमें नर मक्खियों को विकिरण के जरिए बांझ किया जाता है और जंगली मादाओं के साथ छोड़ा जाता है, जिससे अंडे बांझ रहते हैं और प्रजनन रुक जाता है।
मेक्सिको ने दक्षिणी राज्य में 51 मिलियन डॉलर की स्टेराइल फ्लाई फैसिलिटी बनाई है। पनामा में COPEG प्लांट प्रति सप्ताह 20 मिलियन प्यूपा उत्पादन करता है। USDA ने अमेरिका में टेक्सास में नई स्टेराइल फ्लाई फैसिलिटी बनाने की योजना बनाई है, जो 2-3 साल में पूरी होगी। सीमा पर ट्रैप लगाए गए हैं और पशु आयात को रोकने के उपाय किए गए हैं।