नए स्मार्ट टीवी पर पुरानी HDMI केबल का इस्तेमाल देखने के अनुभव को खराब कर सकता है। इससे फ्रेम रेट घटता है, HDR और कलर क्वालिटी कमजोर पड़ती है और फ्लिकरिंग या ब्लैक स्क्रीन जैसी समस्याएं आ सकती हैं। बेहतर पिक्चर क्वालिटी के लिए नई HDMI केबल जरूरी है।
Smart TV HDMI Cable Issue: नया स्मार्ट टीवी खरीदने के बाद कई यूजर्स अनजाने में पुरानी HDMI केबल का इस्तेमाल जारी रखते हैं, जिससे पिक्चर क्वालिटी और परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है। यह समस्या खासतौर पर 4K और 120Hz सपोर्ट वाले टीवी में ज्यादा सामने आती है। पुरानी केबल हाई-बैंडविड्थ सिग्नल को पूरी तरह ट्रांसमिट नहीं कर पाती, जिससे स्ट्रीमिंग और गेमिंग के दौरान फ्रेम रेट गिरता है, HDR फीचर कमजोर दिखता है और स्क्रीन फ्लिकरिंग या ब्लैक होने जैसी दिक्कतें आती हैं।
पुरानी HDMI केबल से क्यों बिगड़ता है एक्सपीरियंस
कई यूजर्स नया स्मार्ट टीवी लाने के बाद भी वही पुरानी HDMI केबल इस्तेमाल करते रहते हैं, जो पहले के टीवी या सेट-टॉप बॉक्स के साथ चल रही थी। समस्या यह है कि आज के 4K और 120Hz सपोर्ट वाले टीवी हाई-बैंडविड्थ सिग्नल की मांग करते हैं, जिसे पुरानी HDMI केबल पूरी तरह कैरी नहीं कर पाती।
इसका सीधा असर स्ट्रीमिंग और गेमिंग पर दिखता है। फ्रेम रेट कम हो सकता है और स्क्रीन पर विजुअल उतने शार्प और स्मूद नहीं दिखते, जितनी उम्मीद नए टीवी से की जाती है। खासकर कंसोल गेमिंग या हाई-क्वालिटी OTT कंटेंट देखने वालों को यह फर्क साफ महसूस होता है।
![]()
HDR और कलर क्वालिटी पर भी पड़ता है असर
मॉडर्न स्मार्ट टीवी में Dolby Vision और HDR10+ जैसे एडवांस HDR फीचर्स मिलते हैं, जो वाइब्रेंट कलर और बेहतर कॉन्ट्रास्ट का अनुभव देते हैं। लेकिन HDR कंटेंट ज्यादा बिट डेप्थ और बैंडविड्थ मांगता है, जिसे पुरानी HDMI केबल सपोर्ट नहीं कर पाती।
नतीजा यह होता है कि टीवी पर HDR ऑन होने के बावजूद कलर फीके लगते हैं या फीचर सही से काम ही नहीं करता। कई बार यूजर्स को लगता है कि टीवी का HDR कमजोर है, जबकि असली वजह पुरानी केबल होती है, जो सिग्नल को पूरी क्षमता से ट्रांसमिट नहीं कर पा रही होती।
फ्लिकरिंग और ब्लैक स्क्रीन की परेशानी
पुरानी HDMI केबल से एक और बड़ी दिक्कत सामने आती है, वह है स्क्रीन फ्लिकरिंग या अचानक ब्लैक स्क्रीन का आना। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि पुरानी केबल की शील्डिंग कमजोर होती है और समय के साथ खराब भी हो जाती है।
कमजोर शील्डिंग के कारण वाई-फाई राउटर, मोबाइल फोन, साउंडबार या स्ट्रीमिंग डिवाइस से निकलने वाला इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंटरफेरेंस सिग्नल को प्रभावित करता है। इससे वीडियो कट होना, स्क्रीन झपकना या सिग्नल ड्रॉप जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं, जो पूरे मूवी या गेमिंग मजे को खराब कर देती हैं।










