सोनभद्र के शक्तिनगर इलाके में जेवरात लूट मामले में संलिप्त एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हेलिपैड रोड के पास मौजूद है और उसके पास लूट के दौरान चुराए गए जेवरात तथा अवैध असलहा हैं।
बीती रात लगभग आधी रात को पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम को घेरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली से आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो खोखा कारतूस और लूटे गए सोनेचांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद जेवरात में सिकड़ी, पायल, तावीज़, चुड़ैल, बिछिया, लाकेट और झुमके शामिल हैं।
घायल आरोपी साजन (लगभग 20 वर्ष) निवासी बस स्टैंड, काली मंदिर, थाना शक्तिनगर, सोनभद्र को इलाज के लिए सीएचसी अनपरा भेजा गया है। पूछताछ में साजन ने बताया कि लूट की योजना रोशन के घर पर बनाई गई थी, जिसमें सोनू और रोहित भी शामिल थे। घटना वाले दिन रोशन और सोनू ने सराफा कारोबारी को धमका कर जेवरात लूटे थे।
साजन ने यह भी बताया कि इसी तरह की एक अन्य लूट नगर उटारी (झारखंड) में पहले भी अंजाम दी गई थी, जिसमें फायरिंग भी हुई थी और एक सोनार को गोली लगी थी।












