बार्सिलोना ने स्पेनिश सुपर कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। किंग अब्दुल्ला स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड को 3-2 से हराया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: फुटबॉल प्रेमियों के लिए साल 2026 की शुरुआत बेहद रोमांचक रही, जब दुनिया के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक एल क्लासिको में एफसी बार्सिलोना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेनिश सुपर कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। सऊदी अरब के किंग अब्दुल्ला स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बार्सिलोना ने कट्टर प्रतिद्वंद्वी रियल मैड्रिड को 3-2 से मात दी। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने रिकॉर्ड 16वीं बार स्पेनिश सुपर कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पहले हाफ में दिखा हाई-वोल्टेज ड्रामा
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक रुख अपनाया। शुरुआती 30 मिनट तक खेल बराबरी का रहा, लेकिन 36वें मिनट में बार्सिलोना को बढ़त मिली। ब्राजीलियाई स्टार राफिन्हा ने बॉक्स के अंदर बेहतरीन मूव बनाते हुए सटीक लो शॉट से गेंद को नेट के निचले कोने में पहुंचा दिया। हालांकि रियल मैड्रिड ने जल्दी वापसी की। पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में विनीसियस जूनियर ने हाफवे लाइन के पास गेंद हासिल की और तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए दो डिफेंडरों को छकाया। शानदार सोलो रन के बाद उन्होंने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।
पहले हाफ का रोमांच यहीं नहीं थमा। इसके महज दो मिनट बाद रॉबर्ट लेवांडोव्स्की ने पेनल्टी एरिया के भीतर मिले मौके का पूरा फायदा उठाते हुए शानदार चिप शॉट से बार्सिलोना को फिर से बढ़त दिला दी। लेकिन इंटरवल से ठीक पहले रियल मैड्रिड ने फिर बराबरी हासिल कर ली। कॉर्नर से बने मौके पर राफिन्हा ने गोल लाइन पर क्लीयरेंस की कोशिश की, लेकिन गोंजालो गार्सिया ने रिबाउंड पर गोल दागते हुए स्कोर 2-2 कर दिया।

दूसरे हाफ में राफिन्हा बने हीरो
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने सतर्क लेकिन आक्रामक खेल दिखाया। मैच निर्णायक मोड़ पर 73वें मिनट में पहुंचा, जब एक बार फिर राफिन्हा ने अपनी क्लास दिखाई। बॉक्स के किनारे से शॉट लगाते वक्त वह थोड़ा फिसल गए, लेकिन गेंद डिफेंडर से टकराकर दिशा बदलती हुई गोलकीपर थिबॉट कोर्टोइस को चकमा देती हुई नेट में चली गई। यह गोल बार्सिलोना के लिए जीत का कारण बना।
मैच के अंतिम क्षणों में ड्रामा चरम पर पहुंच गया। 90वें मिनट में फ्रेंकी डी जोंग को काइलियन एम्बाप्पे पर फाउल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे बार्सिलोना 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गया। रियल मैड्रिड ने आखिरी मिनटों में जबरदस्त दबाव बनाया। अल्वारो कैरेरास और फ्रैंको मास्टैंटुओनो ने गोल करने की पूरी कोशिश की, लेकिन बार्सिलोना के गोलकीपर जोन गार्सिया ने शानदार बचाव करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।










